MP

पार्क की जमीन RSS को देने का विरोध, दिग्विजय पर पुलिस ने चलाई वाॅटर कैनन, भड़के कमलनाथ

दिग्विजय सिंह समेत अन्य कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार किये जाने का कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र में एक पार्क की जमीन को राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की संस्था को आवंटित किए जाने का रविवार को कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया। विरोध प्रदर्शन के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह समेत अन्य कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने वाॅटर कैनन का भी इस्तेमाल किया। दिग्विजय सिंह और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर वॉटर कैनन के इस्तेमाल किये जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी शिवराज सरकार को चेताया है।

राज्य सरकार ने भोपाल के गोविंदपुरा इंडस्ट्रियल एरिया में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ की संस्था लघु उद्योग भारती को कार्यालय बनाने के लिए 10 हजार वर्ग फुट जमीन आवंटित की है। रविवार को इसका शिलान्यास था। कांग्रेस का का आरोप है कि ये जमीन पार्क की है और सरकार ने इसे गलत तरीके से संघ की संस्था को आवंटित कर दिया है।

शिलान्यास के कार्यक्रम को देखते हुए बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता दिग्विजय सिंह की अगुआई में इंडस्ट्रियल एरिया पहुंच गए और इसका विरोध किया। मौके पर पहुंचे पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह और भोपाल DIG इरशाद वली के बीच इस दौरान तीखी नोकझोंक भी गई।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि यदि राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने पार्क में भूमिपूजन किया तो हम दीवार को तोड़ देंगे। इसके जवाब में DIG इरशाद वली ने कहा कि तो हम आप पर नजर रखेंगे।

इस बीच बैरिकेडिंग पार करने का प्रयास कर रहे कांग्रेस नेताओं पर पुलिस ने पानी की बौछार कर दी, साथ ही हल्का बल प्रयोग भी किया। दिग्विजय सिंह समेत अन्य कार्यकर्ताओं पर पानी की बौछार किये जाने का कांग्रेस ने कड़ा विरोध किया है। कांग्रेस ने इसकी तुलना ब्रिटिश राज के दमन से की है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी प्रजातांत्रिक तरीक़े से विरोध कर रहे दिग्विजय सिंह और दूसरे कांग्रेसी कार्यकर्ताओं पर वाटर कैनन के इस्तेमाल की निंदा की है। कमलनाथ ने कहा है कि शिवराज जी, ये मत भूलिए कि कल के बाद परसों भी आता है।

दिग्विजय सिंह ने इस पूरे मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए ट्वीट किये। उन्होंने कहा कि गोविंदपुरा औद्योगिक क्षेत्र का पार्क जिसमें मैंने, बाबूलाल जी गौर ने स्वयं शिवराज मामू ने पौधे लगाए उसे मामू ने लघु एवं मध्यम उद्योग भारती को औद्योगिक क्षेत्र असोसिएशन के विरोध के बाद भी करोड़ों की भूमि ₹1 में दे दी। यह एक मात्र पार्क है जिसमें मज़दूर दोपहर में भोजन करते हैं।

पार्क में लगे पेड़ काट दिए गए जला दिए गए। मैं स्वयं देख कर आया। मैंने शिवराज मामू से औद्योगिक असोसिएशन के डेलिगेशन के साथ मिलने का समय माँगा नहीं दिया। फ़ोन पर बात करने की कोशिश की। फ़ोन नहीं लिया। ना जाने क्या कारण है मामू ना मिलता है ना फ़ोन लेता है ना पत्रों का जवाब देता है।

दिग्विजय सिंह ने आगे लिखा कि मैंने उद्योग विभाग के मंत्री को फ़ोन लगाया नहीं लगा। उनके वरिष्ट अधिकारी श्री पोरवाल जी से बात की। उन्होंने कहा हमारी चर्चा चल रही है हम उद्योग भारती को अन्य भूमि देने पर विचार कर रहे हैं। मैंने कहा उसमें हमें कोई आपत्ति नहीं है आप उन्हें नए आचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में दे दें लेकिन नियमों का व क़ानून का उल्लंघन करते हुए विश्वास सारंग जो कि मामू से भी अपने आप को बड़ा मानने लगे हैं बिना Land Use परिवर्तन व बिना Building Permission के शिलान्यास कर दिया।

उन्होंने आगे कहा कि चुनाव क्षेत्र कृष्णा गौर का है। उसको भी विश्वास में नहीं लिया गया। केवल विशेष अतिथि का कार्ड भेज दिया। यह BHEL के Ancillaries निर्माण का औद्योगिक क्षेत्र है जिसे डॉ शंकर दयाल जी शर्मा के आग्रह पर तत्कालीन प्रधानमंत्री पं जवाहरलाल नेहरू जी ने स्वीकृत किया था। भाजपासंघ की ज़मीनों की भूख अपार है। लेकिन कॉंग्रेस पार्टी मज़दूर, छोटे एवं मध्यम उद्योग पतियों के साथ हैं और इस आवंटन को अदालत से निरस्त करा कर रहेंगे।

दूसरी ओर भोपाल कलेक्टर अविनाश लवानिया का कहना है कि उद्योग विभाग ने लघु उद्योग भारती संस्था को खाली जमीन का आवंटन किया है। वहीं DIG इरशाद वली का कहना है कि कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन कर प्रदर्शन करने वालों को चिन्हित किया जायेगा और उनके खिलाफ FIR दर्ज की जाएगी।

Back to top button