MP

CM शिवराज को राखी बांध उपहार में नियुक्ति पत्र मांगेगी चयनित शिक्षिकाएं

चयनित शिक्षिकाएं 18 अगस्त को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधने पहुंचेंगी।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्य प्रदेश शिक्षक भर्ती परीक्षा में चयनित शिक्षकों के लिए नियुक्ति का इंतजार ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। नियुक्ति के इंतजार में चयनित शिक्षक सभी जतन कर चुके हैं लेकिन उन्हें आश्वासनों के अलावा कुछ हासिल नहीं हो रहा। अब चयनित शिक्षिकाओं ने रक्षाबंधन से पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधने का फैसला लिया है और उपहार स्वरूप नियुक्ति पत्र की मांग करेंगी।

चयन के बाद नियुक्ति के लिए आंदोलन कर रही शिक्षिकाएं बुधवार (18 अगस्त ) को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को राखी बांधने पहुंचेंगी। राखी बांधकर चयनित शिक्षिकाएं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान से नियुक्ति पत्र की मांग करेंगी। चयनित शिक्षिकाओं का कहना है कि जब तक नियुक्ति पत्र हासिल नहीं होता उनका आंदोलन जारी रहेगा।

हाल ही में शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को भी बैतूल में अन्न उत्सव के दौरान चयनित महिला शिक्षिकाओं के विरोध का सामना करना पड़ा था। नियुक्ति की मांग को लेकर एक शिक्षिका तो मंत्री इंदरसिंह परमार के पैरों में ही गिर गई थी। शिक्षिकाओं ने मंत्री से 15 अगस्त तक ज्वाइनिंग देने की मांग की थी। तब भी मंत्री ने शिक्षिकाओं को जल्द ही नियुक्ति का आश्वासन दिया था।

इससे पहले चयनित शिक्षकों ने गुरुपूर्णिमा के मौके पर अपने केश कटाकर अपना विरोध जताया था और प्रदेश सरकार से जल्द नियुक्ति दिए जाने की मांग की थी।कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ ने गुरुपूर्णिमा के मौके पर चयनित शिक्षकों को केश त्याग करने के लिए मजबूर होने पर शिवराज सरकार की आलोचना की थी और इसे प्रदेश को लिए शर्मसार करने वाला बताया था।

गौरतलब कि मध्यप्रदेश में 2018 में शिक्षक भर्ती का विज्ञापन निकला था। शिक्षक पात्रता परीक्षा वर्ग 1 और वर्ग 2 की परीक्षा ली गई थी। इसमें करीब 33000 शिक्षक चयनित हुए हैं। लगभग तीन साल होने के बाद भी अब तक चयनित शिक्षक अपनी नियुक्ति की राह देख रहे हैं।नियुक्तियां के लिए तीसरी बार वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 7 जून से प्रारम्भ हुई है। इससे पहले शिक्षक पात्रता परीक्षा में चयनित शिक्षकों का वेरिफिकेशन दो बार टल चुका है। चयनित शिक्षक जल्द नियुक्ति के लिए प्रदर्शन कर चुके हैं। साथ ही सोशल मीडिया पर भी नियुक्ति के लिए लगातार अभियान चलाए हुए हैं।

Back to top button