Politics

MP में प्रियंका ने महंगाई-बेरोजगारी को बनाया मुद्दा, बदलाव का नारा किया बुलंद

प्रियंका गांधी ने सिंधिया के गढ़ ग्वालियर से भरी चुनावी हुंकार, जनआक्रोश महारैली' को किया संबोधित

ग्वालियर (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ ग्वालियर से चुनावी हुंकार भरी। ‘जनआक्रोश महारैली’ को सम्बोधित करते हुए प्रियंका गांधी ने महंगाई-बेरोजगारी को मुद्दा बनाया साथ ही प्रदेश में 18 साल की शिवराज सरकार को हर मोर्चे पर नाकाम बता बदलाव का नारा बुलंद किया।

प्रियंका गांधी सबसे पहले वीरांगना रानी लक्ष्मीबाई की समाधि पहुंचीं। यहाँ पुष्पांजलि के बाद स्थानीय मेला ग्राउंड पर प्रियंका ने बृज भाषा में सब भैया-बहनन को राम-राम कह सम्बोधन की शुरुआत की। उन्होंने सम्बोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी तीखे हमले किये। मणिपुर में को लेकर प्रियंका ने कहा कि वहां भयावह अत्याचार हो रहा है और हमारे प्रधानमंत्री ने 77 दिन के लिए इस पर कोई बयान ही नहीं दिया और एक भयावह वीडियो के बाद मजबूरी में जब एक वाक्य बोला तो उसमें भी राजनीति घोल दी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज सबसे बड़ा मुद्दा महंगाई है। मैं भी चाहूं तो 30 मिनट के भाषण में 10 मिनट मोदी जी की आलोचना कर सकती हूं, 10 मिनट शिवराज जी के घोटालों पर बात कर सकती हूं और 10 मिनट सिंधिया जी की विचारधारा पलटने पर बोल सकती हूं लेकिन मैं मुद्दों की बात करने आई हूं। मैं यहां आपका ध्यान भटकाने नहीं आई हूं।

प्रियंका गांधी ने सवाल उठाया कि आज अपने देश में ऐसी सरकार क्यों है, जिसने पूरे देश की संपत्ति एक-दो बड़े लोगों को बेच दी। अग्निवीर योजना के लेकर उन्होंने कहा कि जब से अग्निवीर की स्कीम आई तब से ग्वालियर-चंबल की क्या स्थिति है? यहां से नौजवान सीमा पर तैनात होते रहे हैं लेकिन अब युवा कहते कहते हैं कि चार साल के लिए इतनी कड़ी ट्रेनिंग क्यों करें जब लौटकर खेती ही करना है।

प्रियंका ने प्रदेश की शिवराज सरकार पर भी तीखे हमले किये। उन्होंने कहा कि पटवारी भर्ती घोटाले में क्या हुआ? जिस तरह घोटाले पर घोटाले हो रहे हैं, उसमे इन्होंने कुछ नहीं छोड़ा। महाकाल में भगवान की मूर्ति तक नहीं छोड़ी। ये पैसों से खरीदी हुई सरकार है।18 साल की सरकार है तो अहंकार होता ही है। आज मप्र में यही परिस्थितियां हैं।

उन्होंने कहा कि इन हालातों में बदलाव के लिए प्रदेश में बदलाव और कांग्रेस की ईमानदार सरकार बनाये जाने की जरूरत है। प्रियंका ने कहा कि कांग्रेस की सरकारें कर्नाटक, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में अपने वादों को पूरा कर रही हैं। प्रियंका ने विश्वास दिलाया कि मध्यप्रदेश में भी कांग्रेस की सरकार बनने पर जनता से की गई पांच गारंटियों को पूरा किया जाएगा जिससे महंगाई और बेरोजगारी से राहत मिलेगी।

सभा को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि शिवराज जी झूठ और घोटाले की मशीन हैं। प्रदेश और मुंह चलाने में बहुत अंतर है। अपनी सरकारी की उपलब्धियों को बताते हुए कमलनाथ ने कहा कि हमें बेरोजगारी और महिलाओं पर अत्याचार वाला प्रदेश मिला था। हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया। 100 रुपए में 100 यूनिट बिजली दी। गोशालाएं बनाईं तो कौन सा पाप किया। आज चुनाव 4 महीने दूर हैं, शिवराज को बहनें, नौजवान और किसान याद आ रहे हैं।

प्रदेश के एकमात्र सांसद नकुलनाथ ने सभा में कहा कि प्रदेश मे व्यापम घोटाला शांत नही हुआ कि पटवारी घोटाला सामने आ गया। आदिवासी महिलाओं पर अत्याचार हो रहा है। नकुलनाथ ने प्रियंका गाँधी से मप्र को कुछ दिन गोद लेने की गुजारिश भी की। साथ ही कहा कि मप्र मे कांग्रेस की सरकार बनने से कोई नहीं रोक सकता।

Back to top button