MP

संयोग: JNKVV में VD शर्मा के ससुर बने कुलपति, पत्नी पहले से सहायक प्रोफेसर

प्रमोद कुमार मिश्रा की नियुक्ति का आदेश जारी, सुर्खियों में आई BJP प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा से रिश्तेदारी

जबलपुर (जोशहोश डेस्क) डॉक्टर प्रमोद कुमार मिश्रा को जबलपुर के जवाहर लाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय का नया कुलपति नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति का आदेश गुरुवार को जारी हुआ। इस आदेश के साथ ही भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा से उनके रिश्तेदारी सुर्खियों में आ गई है।

दरअसल डॉक्टर प्रमोद कुमार मिश्रा भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के ससुर बताए जाते हैं। संयोग की बात यह कि वीडी शर्मा की पत्नी स्तुति पहले ही इसी विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर हैं।

सोशल मीडिया में इस संयोग को लेकर प्रतिक्रियाएं भी दिख रही हैं-

कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने आदेश जारी करते हुए लिखा कि अधिनियम, 1963 की धारा 15 की उपधारा ( 1 ) में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए डॉ. प्रमोद कुमार मिश्रा को जवाहरलाल नेहरू कृषि विश्वविद्यालय, जबलपुर का कुलपति नियुक्त करता हूँ। जारी आदेश में डॉक्टर प्रमोद कुमार मिश्रा को कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से अगले पांच वर्ष के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है।

गौरतलब है कि डॉ प्रमोद कुमार मिश्रा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय में विस्तार सेवाओं के निदेशक भी रह चुके हैं। वे मूल रूप से जबलपुर के ही रहने वाले हैं। बताया जा रहा है कि डॉक्टर मिश्रा के कई रिश्तेदार भारतीय जनता पार्टी के बड़े पदाधिकारी हैं।

Back to top button