MP

23 करोड़ का जनजातीय महासम्मेलन, ‘कल्याण’ की राशि ‘सत्कार’ पर खर्च

आयोजन को भव्य बनाने सरकार खर्च कर रही 23 करोड़, कांग्रेस का आरोप- जनजातीय कल्याण की राशि इवेंट में हो रही खर्च।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश की राजधानी भोपाल में 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाले जनजातीय महासम्मेलन की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। महासम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शिरकत करेंगे। सरकार इस आयोजन को भव्य बनाने करीब 23 करोड़ रुपए खर्च करने जा रही है। कांग्रेस का आरोप है कि सरकार जनजातीय कल्याण के लिए उपलब्ध विभिन्न विभागीय मदों की राशि इस आयोजन में खर्च कर रही है।

जनजातीय महासम्मेलन के लिए प्रदेश के जिलों से 5 हजार बसों में दो लाख आदिवासियों को भोपाल लाने की व्यवस्था की गई है। इस पर करीब 13 करोड़ रुपये खर्च हो रहे हैं। आदिवासियों की यात्रा, नाश्ते-खाने और ठहरने पर यह राशि खर्च होगी। वहीं जंबूरी मैदान पर की जा रही व्यवस्थाओं पर करीब 9 करोड़ खर्च होने का अनुमान लगाया जा रहा है।

जनजातीय कार्य विभाग के आदेश के मुताबिक सभास्थल पर आने वाले आदिवासियों के परिवहन, सैनिटाइजर, मास्क, भोजन, चाय, नाश्ता, रात्रि विश्राम पर 12.9 करोड़ रुपए खर्च होंगे। आदिवासियों को भोपाल लाने की जिम्मेदारी कलेक्टरों को सौंपी गई है। इसके लिए 52 कलेक्टरों को 12.92 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने आरोप लगाया कि आदिवासियों के विकास पर खर्च होने वाले 13 करोड़ रुपये शिवराज सरकार आदिवासियों के नाम पर होने वाले इस इवेंट पर खर्च कर रही है। वहीं कांग्रेस विधायक हीरालाल अलावा ने भी इस आयोजन पर हो रहे खर्च को लेकर सवाल उठाये हैं।

हीरालाल अलावा ने कहा कि महासम्मेलन के लिए आदिवासियों के स्वास्थ्य, शिक्षा और विकास के नाम पर आवंटित राशि को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इवेंट पर खर्च कर किया जा रहा है। जिला मुख्यालय से आदिवासियों को भोपाल लाने के लिए ही आदिवासियों की शिक्षा, स्वास्थ्य और दूसरी विकास योजनाओं का 13 करोड़ रुपये खर्च हो रहा है।

कांग्रेस प्रवक्ता केके मिश्रा ने भी जनजातीय सम्मलेन और इसके बजट को लेकर सरकार को निशाने पर लिया-

सोशल मीडिया में भी आयोजन की सार्थकता और इस पर होने वाले खर्च को लेकर सवाल उठ रहे हैं-

गौरतलब है कि आदिवासियों को यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति प्रति किलोमीटर 45 रुपये का बजट, नाश्ते के लिए प्रति व्यक्ति 40 रुपये और खाने के लिए साठ रुपये का बजट रखा गया है। सम्मेलन में भोपाल सहित कुल नौ जिलों से 10-10 हजार से अधिक लोग शामिल होंगे। भोपाल से सबसे अधिक बीस हजार लोगों के सम्ममेलन में आने का अनुमान लगाया गया है।

जंबूरी मैदान सम्मेलन स्थल पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करीब सवा घंटे रहेंगे। सम्मलेन के लिए बड़े 5 डोम बनाए जा रहे हैं। करीब 300 से अधिक मजदूर बीते एक सप्ताह से इस काम में लगे हैं। पूरे पंडाल में प्रधानमंत्री मोदी के साथ-साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भी कटआउट लगाए गए हैं। 100 से अधिक बड़ी एलईडी स्क्रीन लगाई जा रही हैं। 

Back to top button