MP

‘देश के दिल’ में राहुल गांधी की एंट्री, दिया संदेश-डरो मत भारत जोड़ो

कन्याकुमारी से प्रारंभ भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र में अपना पड़ाव पूरा कर बुरहानपुर जिले के बोरदली से एमपी में किया प्रवेश

बुरहानपुर (जोशहोश डेस्क) देश का दिल कहे जाने वाले मध्यप्रदेश में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा बुधवार सुबह प्रवेश कर गई। कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई भारत जोड़ो यात्रा ने महाराष्ट्र में अपना पड़ाव पूरा कर एमपी के बुरहानपुर जिले के बोरदली से एमपी में प्रवेश किया। प्रवेश के साथ ही एमपी की धरती पर राहुल गांधी ने सीधा संदेश दिया- डरो मत भारत जोड़ो।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने बोरदली में भारत जोड़ो यात्रा की अगवानी की। इस मौके पर महाराष्ट्र कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले ने कमलनाथ को यात्रा का तिरंगा झंडा सौंपा। इस मौके पर प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष गोविंद सिंह समेत तमाम बड़े नेता राहुल के स्वागत के लिए बुरहानपुर में मौजूद रहे।

एमपी में प्रवेश के बाद राहुल गांधी ने आत्मीय स्वागत के लिए आभार जताया। उन्होंने कहा कि विपक्ष के लोगों कहते थे हिंदुस्तान तीन हजार 600 किमी लंबा है। यह पैदल नहीं तय किया जा सकता। हम मध्यप्रदेश आ गए हैं। 370 किमी यहां चलेंगे। यह तिरंगा श्रीनगर तक जाएगा और हम डरने वाले नहीं हैं।

यात्रा के लक्ष्यों को बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि यात्रा उस नफरत, हिंसा और डर के खिलाफ है, जिसे हिंदुस्तान में फैलाया जा रहा है। भाजपा का तरीका यही है। सबसे पहले, डर फैलाना। जब डर फैल जाता है तो उसे हिंसा में बदल देते हैं। जो डरता नहीं है, वह हिंसा भी नहीं कर सकता। जो डरता है, वह ही हिंसा करता है। डर मिटाना हमारा लक्ष्य है। इस हिंदुस्तान में किसी से डरने की जरूरत नहीं है।

इससे पहले बंजारा लोकनर्तक रीना नरेंद्र पवार ने सिर पर गिलास और गिलास पर 51 मटकियां रखकर प्रस्तुति दी। यात्रा सुबह सात बजे बोदरली से रवाना हुई। सुबह 10 बजे सेंटर जेवियर स्कूल में विश्राम के बाद राहुल गांधी और उनके साथ आए यात्री सात किमी पैदल चलेंगे। शाम को ट्रांसपोर्ट नगर में एक सभा को रहल गांधी संबोधित करेंगे।

वहीं प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने अपील करते हुए कहा कि बुरहानपुर से मध्य प्रदेश में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा शुरू हो रही है। आप सब बड़ी से बड़ी संख्या में भारत के लोकतंत्र की रक्षा और भारत के समाज को जोड़ने की इस यात्रा में शामिल हों। हम सबको मिलकर एक मजबूत भारत बनाना है और राहुल गांधी की यात्रा को अपना संपूर्ण सहयोग देना है।

Back to top button