MP

कमलनाथ की तैयारियां पूरी, कल से MP में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा

कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की प्रदेश ईकाई भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत को तैयार, मध्यप्रदेश में करीब 399 किलोमीटर का सफर करेगी तय

बुरहानपुर (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा कल बुरहानपुर के रास्ते मध्यप्रदेश में प्रवेश करेगी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ बुरहानपुर के बोदरली में यात्रा की अगवानी करेंगे। यहां महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष यात्रा का ध्वज मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ को सौंपेंगे।

कमलनाथ के नेतृत्व में कांग्रेस की प्रदेश ईकाई भी भारत जोड़ो यात्रा के स्वागत को तैयार है। यात्रा के मार्ग को भी अंतिम रूप दे दिया गया है। मध्यप्रदेश में बुरहापुर, खंडवा, खरगोन, इंदौर, उज्जैन और आगर मालवा होते हुए यात्रा करीब 399 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

यात्रा के मध्यप्रदेश में प्रवेश से पहले कमलनाथ ने कहा है कि हम प्रदेश में यात्रा के स्वागत को पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने प्रदेशवासियों के लिए अपने संदेश में कहा कि-आइये ! मेरे साथ कदम बढ़ाइए, हम मिलकर हमारे देश और मध्यप्रदेश के भविष्य के लिये मज़बूती से आगे बढ़ें।

भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश के बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से राज्य में शुरु होगी और अगले 12 दिन तक प्रदेश में रहेगी। इस दौरान यात्रा छह जिलों से होकर गुजरेगी। 23 नवंबर को बुरहानपुर जिले के बोदरली गांव से प्रारम्भ होकर यात्रा खंडवा के झिरी ताज जाएगी। अगले दिन यात्रा 24 तारीख को खंडवा को बोरगांव से खरगोन के खेरड़ा तक जाएगी। 25 तारीख को राहुल गांधी खेरड़ा से मोरटक्का तक की यात्रा करेंगे।

शनिवार 26 नवंबर को राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा इंदौर जिले में प्रवेश करेगी। यहां वे डॉ भीमराव अंबेडकर की जन्मस्थली महू जाएंगे। इसके अगले दिन राहुलगांधी महू से इंदौर तक की यात्रा करेंगे। 28 तारीख को यात्रा का विश्राम तय किया गया है।

राहुल गांधी 29 तारीख को इंदौर शहर से सांवेर जाएंगे। 30 तारीख को यात्रा सांवेर से उज्जैन जिले में प्रवेश कर एक तारीख को भी उज्जैन में ही रहेगी। दो दिसंबर को यात्रा की शुरुआत उज्जैन के झालरा से होगी। यहां से राहुल गांधी आगर-मालवा के कासी बरदिया पहुंचेंगे। तीन दिसंबर को राहुल गांधी इसी जिले के महूदिया से लालाखेड़ी तक का सफर तय करेंगे।

भारत जोड़ो यात्रा का मध्यप्रदेश के बाद अगला पड़ाव राजस्थान होगा। चार दिसंबर को यात्रा का मध्यप्रदेश में आखिरी दिन होगा। इसके बाद यात्रा लालाखेड़ी से राजस्थान के झालावाड़ में प्रवेश करेगी। लालखेड़ी में कमलनाथ राजस्थान प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष को यात्रा का ध्वज सौंपेगे।

Back to top button