MP

नर्मदा संरक्षण के योद्धा: भगीरथ प्रयास सम्मान से नवाजे गए राज कुमार सिन्हा

राज कुमार सिन्हा को यह सम्मान इंडिया रिवर फोरम दिल्ली द्वारा शनिवार शाम आनलाईन आयोजित कार्यक्रम में दिया गया।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) नर्मदा संरक्षण, पर्यावरण और आदिवासी व वंचित समुदाय के लिए 30 वर्षो से सतत संघर्ष कर रहे राज कुमार सिन्हा को भगीरथ प्रयास सम्मान से नवाजा गया है। इंडिया रिवर फोरम दिल्ली द्वारा राज कुमार सिन्हा को यह सम्मान शनिवार शाम आनलाईन आयोजित कार्यक्रम में दिया गया।

ऑनलाइन आयोजित इस सम्मान समारोह के मुख्य अतिथि नमामी गंगे प्रोजेक्ट के प्रशासनिक अधिकारी राजीव रंजन मिश्रा थे। इंडिया रिवर फोरम द्वारा यह सम्मान नदियों को बचाने एवं संरक्षित करने के  लिए उत्कृष्ट कार्य एवं सतत प्रयास करने वाले संगठन या संस्था को दिया जाता है।

सम्मान प्राप्त करने के उपरांत राज कुमार सिन्हा ने इस सम्मान को बरगी विस्थापितो के पुनर्वास और नर्मदा को संरक्षित करने में शामिल सभी लोगों को समर्पित बताया।

उन्होंने अपने सम्बोधन में कहा कि नर्मदा केवल एक नदी नहीं है,बल्कि यह सभ्यता, संस्कृति और आस्था का केंद्र है। इसे हर कीमत पर बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। नर्मदा की 41 सहायक नदियों की स्थिति भी दयनीय है जो नर्मदा को सदानीरा बनाये रखतीं है।

राज कुमार सिन्हा पिछले 30 वर्षों से नर्मदा नदी और नदी के किनारे रहने वाले समुदायों के संरक्षण की दिशा में काम कर रहे हैं। उनका संगठन, बरगी बांध विस्थपित और प्रभावित संघ, नर्मदा नदी की ऊपरी पहुंच में विनाशकारी परियोजनाओं के खिलाफ अभियान चला रहा है और बरगी बांध से प्रभावित लोगों के अधिकारों के लिए लड़ रहा है।

गौरतलब है कि इंडिया रिवर फोरम को देश की विभिन्न नामी संस्थाओ ने मिलकर बनाया है। जिसमें अशोका ट्रस्ट फाॅर रिसर्च इन इकालाॅजी एण्ड एनवायरमेंट, इंडियन नेशनल ट्रस्ट फाॅर आर्ट एण्ड कल्चर हेरिटेज, पीस इंस्टीट्यूट, पीपुल्स साइंस इंस्टीट्यूट देहरादून, साउथ एशिया नेटवर्क ऑन डेम रिवर्स एण्ड पीपुल्स, सोसाइटी फाॅर परफार्मिंग पार्टीसीवेटीव इको सिस्टम मेनेजमेन्ट, टाॅक्सीक लिंक, वेदियम इंडिया फाउन्डेशन, डब्लू डब्लू एफ इंडिया शामिल है।

Back to top button