IPS के वाट्सऐप ग्रुप से हटाए गए रिटायर्ड DGP मैथिलीशरण गुप्त, जानिए क्यों?

मामला वाट्सऐप ग्रुप में एक पोस्ट से जुड़ा है जिस पर डीजीपी विवेक जौहरी ने आपत्ति जताई थी।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) स्पेशल डीजीपी के पद से रिटायर हुए आईपीएस मैथिलीशरण गुप्त को आईपीएस एसोसिएशन के अधिकारिक वाट्सऐप ग्रुप ‘आईपीएस MP’ से हटाए जाने की खबर है। मामला वाट्सऐप ग्रुप में एक पोस्ट से जुड़ा है जिस पर डीजीपी विवेक जौहरी ने आपत्ति जताई थी। वहीं ग्रुप से रिमूव किये जाने के बाद भी मैथिलीशरण गुप्त अपनी पोस्ट पर कायम हैं।

दैनिक भास्कर की खबर के मुताबिक मैथिलीशरण गुप्त ने शुक्रवार सुबह भारत-पाकिस्तान के बंटवारे को लेकर कुछ फैक्ट मप्र आईपीएस एसोसिएशन के आधिकारिक वाट्सऐप ग्रुप ‘आईपीएस एमपी’ में शेयर किये थे। यह तथ्य देश के बंटवारे और मुस्लिम लीग को लेकर थे। इस पोस्ट में देश की बर्बादी का कारण एक समुदाय विशेष को बताते हुए उनके देश में रहने का कारण अंग्रेजों को बताया गया था।

बताया जा रहा है कि उनकी इस पोस्ट पर डीजीपी विवेक जौहरी ने आपत्ति ली थी तथा उन्हें पोस्ट हटाने के लिए कहा गया था लेकिन गुप्त ने यह कहते हुए पोस्ट डिलीट करने से इंकार कर दिया कि उन्होंने कुछ गलत शेयर नहीं किया है। जो भी तथ्य शेयर किए गए हैं, वह हिस्टोरिकल फैक्ट हैं।

डीजीपी विवेक जौहरी के निर्देश के काफी देर बाद तक जब पोस्ट नहीं हटाई गई तो मैथिलीशरण गुप्त को ग्रुप से रिमूव कर दिया गया। हालांकि ग्रुप से रिमूव किये जाने के बाद भी मैथिलीशरण गुप्त अपनी बात पर कायम हैं। उनका कहना है कि उन्होंने वही शेयर किया है जो सच्चाई है। इसके साथ ही उन्होंने वीडियो भी शेयर किया है। ग्रुप से रिमूव करने की बात पर उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सब बात मायने नहीं रखती है।

Exit mobile version