MP

CM शिवराज ने चुनावी साल में रोज़ की तीन घोषणाएं, पूरी कितनी-जानकारी नहीं!

कांग्रेस विधायक रामचंद्र दांगी के सवाल पर सरकार ने विधानसभा में दिया जवाब

भोपाल (जोशहोश डेस्क) विधानसभा चुनाव के लिए सत्ताधारी भाजपा की रणनीति और अभियान जहाँ एक ओर केंद्रीय नेतृत्व ने अपने हाथ लिया है वहीं दूसरी ओर एंटी इंकम्बेंसी को देखते हुए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपने वादों और घोषणाओं से जनता को लुभाने का भरसक प्रयास कर रहे हैं। हाल यह है कि मुख्यमंत्री शिवराज ने चुनावी साल के शुरुआती छह महीनों में औसतन रोज़ तीन घोषणाएँ की हैं।

यह जानकारी विधानसभा के मानसून सत्र में कांग्रेस विधायक रामचंद्र दांगी द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में सामने आयी है। सरकार द्वारा यह बताया गया है कि जून 2020 और जून 2023 के बीच 2715 घोषणाएं की हैं और इनमें से 592 घोषणा केवल चुनावी साल यानी 2023 के शुरुआती छह महीने में ही की हैं। औसतन प्रतिदिन तीन घोषणाएं। बड़ी बात यह है कि इन घोषणाओं में से कितनी पूरी हुई है सरकार इसका जवाब नहीं दे सकी।

ब्यावरा से कांग्रेस विधायक रामचंद्र दांगी ने यह सवाल पूछा था की मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पिछले तीन सालों में कितनी घोषणाएँ की हैं और इनमें से कितनी घोषणाएँ पूरी हुई है? इसके लिखित जवाब में राज्य सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग ने मानसून सत्र के पहले दिन बताया कि सीएम शिवराज ने जून 2020 और जून 2023 के बीच 2715 घोषणाएं की हैं।

इन 2715 घोषणाओं में से 489 घोषणाएं 2020 (जून से दिसंबर 2020) के छह महीनों में की गईं। साल 2021 में कुल 880 घोषणाएं की गईं जो एक साल में अब तक सर्वाधिक हैं। वहीं साल 2022 में 753 घोषणाएं की गईं, जबकि 2023 के पहले 6 महीने में 592 घोषणाएं की गईं हैं।

Back to top button