भारत जोड़ो यात्रा: राहुल के साथ आईं प्रियंका, सुर्खियों में सचिन पायलट की मौजूदगी

मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा दिन, राहुल गांधी के साथ कदमताल करने पहुंची कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा

खंडवा (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा के दूसरे दिन कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा भी राहुल गांधी के साथ कदमताल करने पहुंची। दोनों के साथ एमपी के कई दिग्गज नेताओं के अलावा राजस्थान के नेता सचिन पायलट भी यात्रा में शामिल हुए। सचिन पायलट की मौजूदगी के मायने भी तलाशे जा रहे हैं।

यात्रा में शामिल होने प्रियंका गांधी कल शाम ही इंदौर आ गई थीं। यात्रा जब गुरुवार को सुबह बोरगांव से प्रारंभ हुई तो प्रियंका गांधी भी इसमें शामिल हुईं। प्रियंका के साथ उनके पति रॉबर्ट वाड्रा और बच्चे भी यात्रा में शामिल हुए।

दूसरी ओर राजस्थान के पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी गुरुवार सुबह भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए। राजस्थान के राजनीतिक घटनाक्रम को देखते हुए प्रियंका गांधी की मौजूदगी में सचिन पायलट का यात्रा में शामिल होना अहम माना जा रहा है।

मध्यप्रदेश के बाद भारत जोड़ो यात्रा का अगला पडाव भी राजस्थान है। आगामी चार दिसंबर को यात्रा राजस्थान में प्रवेश करेगी। ऐसे में सचिन पायलट की मौजूदगी को लेकर सियासी चर्चाएं भी चल पड़ी हैं।

इधर राहुल गांधी ने बुधवार शाम बुरहानुपर में आयोजित सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ प्रदेश की शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि साथ ही कहा कि भाजपा ने देश में भय और नफरत का माहौल फैलाया है। उसी से लड़ने के लिए भारत जोड़ो यात्रा निकाली है। जिस व्यक्ति के मन में डर होता है, वह हिंसा और नफरत का सहारा लेता है। भाजपा के मन में डर है और वह हिंसा फैलाती है।

उन्होंने कहा कि इस समय देश में ना लोकसभा में कोई मुद्दा उठाया जा सकता है, ना मीडिया भाजपा के खिलाफ लिख सकती है, ना न्यायिक संस्थाओं में कुछ किया जा सकता है। इसलिए मैंने तय किया कि सीधे जनता के बीच जाओ और उससे ही इस अन्याय के बारे में संवाद करो। मैं दिन में 8 घंटे यात्रा करता हूं लेकिन मुझे थकान नहीं होती।मैं सुबह 6:00 बजे जिस उत्साह से यात्रा शुरू करता हूं रात के 8:00 बजे भी बिना थकान के वैसे ही यात्रा करता हूं। मुझे थकान नहीं होती, इसकी वजह है देश की जनता का समर्थन और प्यार।

राहुल गांधी ने मध्यप्रदेश के घटनाक्रम को लेकर कहा कि मध्यप्रदेश में जनता ने हमें एक मौका दिया था, लेकिन बीजेपी सरकार ने उसे भी कई विधायकों को खरीद-फरोख्त कर सरकार बना दी। कुछ विधायकों को खरीद कर भाजपा ने ग़लतफ़हमी पाल ली, कि उसने हमें लोगों के दिलों से दूर कर दिया। राहुल गांधी ने साफ़ कहा कि रुपयों में ईमान बिकता होगा, प्यार और विश्वास नहीं और अब जनता खुद भाजपा को उसके किये का जवाब देगी।

Exit mobile version