दूसरा चरण: 5 निगम सहित 214 निकायों में मतदान शुरू, कम वोटिंग का खौफ

पहले चरण में उम्मीद से कम वोटिंग से हैरान बीजेपी और कांग्रेस इस आखिरी चरण में पूरी ताकत लगा रहे हैं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) नगरीय निकाय चुनाव के दूसरे और आखिरी चरण का मतदान बुधवार सुबह सात बजे से शुरू हो गया। बुधवार को 5 नगर निगम सहित 214 निकायों में नगर सरकार चुनने मतदाता पोलिंग बूथ पहुँचना शुरू गए हैं। पहले चरण में उम्मीद से कम वोटिंग से हैरान बीजेपी और कांग्रेस इस आखिरी चरण में पूरी ताकत लगा रहे हैं।

मतदान को लेकर सभी इंतज़ाम पहले ही पूरे कर लिये गए थे और सुबह सात बजे से पोलिंग बूथ पर रौनक दिखने लगी है। देवास में 100 वर्षीय जानी बाई ने भी नगर सरकार चुनने के लिए आईटीआई परिसर में मतदान किया। देवास में बीजेपी की गीता अग्रवाल और कांग्रेस की विनोदिनी व्यास में कांटे का मुकाबला माना जा रहा है। दोनों ही उम्मीदवार पहली बार राजनीति में उतरी हैं।

इस चरण में सबसे हॉट सीट रीवा को माना जा रहा है। इस सीट पर करीब 21 सालों से बीजेपी का लगातार कब्जा है लेकिन कांग्रेस के अजय मिश्रा ने मुकाबला रोचक बना दिया है। भाजपा से यहां प्रबोध व्यास प्रत्याशी हैं उनके लिए पूर्व मंत्री राजेन्द्र शुक्ला पसीना बहा रहे हैं। मुख्यमंत्री शिवराज भी रोड शो कर चुके हैं। वहीं कांग्रेस के लिए कमलनाथ यहां जनसभा कर चुके हैं।

मालवा के रतलाम में भी बीजेपी और कांग्रेस में कांटे की टक्कर दिख रही है। यहाँ भी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कमलनाथ और सीएम शिवराज के अलावा और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा भी रोड शो कर चुके हैं। वहीं कटनी नगर निगम में बीजेपी विधायक संजय पाठक की पसंद के आधार पर भाजपा ने ज्योति दीक्षित को मैदान में उतारा है।

ग्वालियर चम्बल की मुरैना सीट पर इस बार कांग्रेस की तरफ से शारदा सोलंकी और बीजेपी से संघ पृष्ठभूमि के नेता मुकेश जाटव की पत्नी मीना जाटव मैदान में हैं। मीना जाटव के लिए केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर और ज्योतिरादित्य सिंधिया सक्रिय रहे हैं। ऐसे में यहां बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, केन्द्रीय मंत्री तोमर और सिंधिया की साख दांव पर है।

Exit mobile version