MP

बेलगाम अराजकता: सतना में नेहरू की प्रतिमा पर बरसाए लाठी-हथौड़े

जवाहरलाल नेहरू की प्रतिमा को तोड़ने का प्रयास करते युवकों का वीडियो वायरल, कमलनाथ बोले- कड़ी कार्रवाई हो।

सतना (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में अराजकता बेलगाम होती जा रही है। सतना में कुछ अराजक युवकों ने देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा को लाठी डंडो से क्षतिग्रस्त कर दिया। जवाहर लाल नेहरू की प्रतिमा को तोड़ने का प्रयास करते हुए युवकों का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है। वीडियो में प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले कुछ युवक भगवा ध्वज भी पकड़े दिखाई दे रहे हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी वायरल वीडियो को शेयर कर घटना को निंदनीय बताया है। कमलनाथ ने लिखा कि मैं सरकार से माँग करता हूँ कि इस पूरे मामले की जाँच कर दोषियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो साथ ही प्रतिमा की सुरक्षा की व्यवस्था की जाये

वीडियो वायरल होते ही कांग्रेस के स्थानीय नेता क्षतिग्रस्त नेहरू प्रतिमा के पास धरने पर बैठे गए। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस नेताओं की शिकायत पर प्रतिमा को तोड़ने का प्रयास करने वाले लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि अगर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होती तो शहर बंद का आव्हान किया जायेगा।

हालाँकि अभी यह पता नहीं चल सका है कि लाठी डंडो से प्रतिमा को क्षतिग्रस्त करने वाले कौन थे और किस मंशा से इस अराजक कृत्य को उन्होंने अंजाम दिया है। पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।

Back to top button