शिवराज ने हटाए दो कलेक्टर-दो एसपी ! सभी सिंह, मामला गड़बड़ लगता है

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने एक बार फिर अपने तेवर तल्ख दिखाए हैं।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने एक बार फिर अपने तेवर तल्ख दिखाए हैं और वीडियो कांफ्रेंसिंग में प्रशासनिक अमले के कामकाज की समीक्षा की। इतना ही नहीं उन्होंने कामकाज से संतुष्ट न होने पर दो जिलाधिकारियों और दो पुलिस अधीक्षकों को पद से हटा दिया है। वहीं इन तबादलों पर कांग्रेस ने तंज कसा है।

कांग्रेस पार्टी के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा (Narendra Saluja) ने शिवराज सिंह पर सवाल खड़े किए हैं….

इन तबादलों पर कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमल नाथ के मीडिया समन्वयक नरेंद्र सलूजा ने तंज कसा है और ट्वीट कर कहा है, “कलेक्टर-कमिश्नर वीडियो कांफ्रेंसिंग के नाम पर भी शिवराज सरकार का ट्रांसफर उद्योग चालू आहे…पूरे घर को बदल डालूंगा..सुबह-शाम बदलेंगे, हर बहाने से बदलेंगे।”

मुख्यमंत्री चौहान ने राज्य में प्रशासनिक कामकाज का फीडबैक लेने के लिए वीडियो कॉफ्रेंसिंग का सिलसिला शुरु किया है। बीते माह हुई जिलों के कलेक्टर्स और सभी कमिश्नर्स, आई.जी. और एस.पी स्तर के अधिकारियों की कॉफ्रेंसिंग के बाद गाज गिरी थी, इस बार फिर पांच अफसरों पर गाज गिरी है।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के बाद दो कलेक्टर, दो पुलिस अधीक्षक और एक नगर पुलिस अधीक्षक को हटाने के आदेश जारी हो गए। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश में नीमच कलेक्टर जितेन्द्र सिंह राजे को अपर सचिव, मध्यप्रदेश शासन पदस्थ किया है। वहीं बैतूल कलेक्टर राकेश सिंह को उप सचिव, मध्यप्रदेश शासन पदस्थ किया है।

गृह विभाग द्वारा जारी आदेश में गुना के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह और निवाड़ी की पुलिस अधीक्षक वाहनी सिंह को सहायक पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल पदस्थ किया है। एक अन्य आदेश में गुना की नगर पुलिस अधीक्षक नेहा पच्चीसिया को उप पुलिस अधीक्षक, पुलिस मुख्यालय, भोपाल के पद पर स्थानांतरित कर पदस्थ किया है।

Exit mobile version