MP

पन्ना: सीमेंट कंपनी के लिए जमीन हड़प रही सरकार, शिवसेना लड़ेगी किसानों की लड़ाई

जेके सीमेंट फैक्ट्री के लिए पन्ना में जमीन अधिग्रहण के खिलाफ किसानों में आक्रोश, शिवसेना ने दी सरकार को चेतावनी।

पन्ना (जोशहोश डेस्क) पन्ना जिले में जेके सीमेंट फैक्ट्री के लिए सिमरिया तहसील के ग्राम बोदा में जमीन अधिग्रहण को लेकर किसानों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। प्रशासन की मिलीभगत से सीमेंट कंपनी किसानों की फसल JCB से रौंद तक रही है। प्रशासन और सीमेंट फैक्ट्री के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसानों को शिवसेना ने अपना समर्थन दिया है। शिवसेना ने पीड़ित किसानों को न्याय दिलाने राज्य भर में आंदोलन करने का ऐलान किया है।

सीमेंट फैक्ट्री की जमीन के लिए प्रशासन और फैक्ट्री के नुमाइंदों की तानाशाही से परेशान किसान लगातार आंदोलन कर धरना दे रहें हैं। ग्राम बोदा सहित 16 ग्रामों के किसान प्रशासन द्वारा दिये गये धारा 247 के तहत नोटिस को लेकर विरोध जता रहे हैं साथ ही जेके सीमेंट कंपनी के अधिकारियों द्वारा खेतों में खड़ी फसल जेसीबी मशीन से नष्ट किये जाने पर प्रकरण दर्ज़ कर कार्रवाई किये जाने की मांग कर रहे हैं।

किसानों को समर्थन देने शिवसेना प्रांत उप प्रमुख पप्पू तिवारी भी आंदोलन स्थल पर पहुंचे। यहाँ संभाग के सभी जिलों के शिवसेना प्रमुख पदाधिकारियों ने किसानों की भूमि बेदखली पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए राज्य सरकार को आंदोलन की चेतावनी दी। शिवसेना राज्य उप प्रमुख पप्पू तिवारी ने कहा कि अपने आपको किसान पुत्र बताने वाले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पूंजीपतियों की गोद में बैठ कर गरीब किसानों की भूमि हड़प कर उनका आशियाना उजाड़ रहे हैं शिवसेना इसे बर्दाश्त नहीं करेगी। पप्पू तिवारी ने कहा कि निरंतर 26 दिनों से चल रहे धरने को समाप्त कराने स्थानीय प्रशासन द्वारा किसानों को धमकाया जा रहा है।

शिवसेना प्रांत उप प्रमुख पप्पू तिवारी

धरना स्थल पर किसानों को संबोधित करते हुए शिवसेना प्रांत उप प्रमुख पप्पू तिवारी ने सरकार से बेदखल की गई जमीन के पीड़ित किसान को प्रति 1 एकड़ एक करोड़ रुपए मुआवजा दिए जाने की मांग की। साथ ही पीड़ित किसान के परिवार के एक सदस्य को नौकरी व धारा 247 खारिज किए जाने की मांग करते हुए पप्पू तिवारी ने कहा कि जेके कंपनी के इशारे पर स्थानीय प्रशासन ने जेसीबी चलाकर गरीब किसानों की खड़ी फसल को नष्ट किया है। ऐसे बर्बर अधिकारियों पर आपराधिक प्रकरण भी दर्ज किया जाए।

शिवसेना प्रांत उप प्रमुख पप्पू तिवारी ने चेतावनी दी कि उनकी मांगों के पूरा न होने पर पूरे राज्य में शिवसेना आंदोलन करेगी। इस मौके पर शिवसेना भोपाल जिला प्रमुख कुलदीप तिवारी, युवा शिवसेना छतरपुर जिला प्रमुख नितेश तिवारी, शिवसेना सागर जिला प्रभारी विकास भूपेंद्र राजपूत, योगेश खरे. आनंद परोहा पुष्पेंद्र सेन. अभिषेक खरे पीयूष गुप्ता अंकित रावत, हेमराज सहित संभाग भर के बड़ी संख्या में शिवसैनिक व क्षेत्र के किसान मौजूद थे।

गौरतलब है कि पन्ना जिले में लगने वाली जेके सीमेंट फैक्ट्री को लेकर ग्राम बोदा के किसानों की जमीन को अधिग्रहण के संबंध में प्रशासन द्वारा धारा 247 के तहत नोटिस जारी किये गए हैं। इनको लेकर किसानों में व्यापक आक्रोश व्याप्त है। आंदोलनरत किसानों का आरोप है कि कंपनी प्रबंधन एवं जिला प्रशासन द्वारा सांठगांठ कर किसानों की जमीन पर जबरन कब्जे किये जा रहे हैं। कंपनी और प्रशासन की मनमानी के विरोध में किसान ठंड में भी अनशन के साथ धरना प्रदर्शन कर आवाज उठा रहे हैं।

Back to top button