MP में राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी, CM से कमलनाथ ने की बात

मिठाई की दुकान के बाहर मिला पत्र, 23 नवंबर को प्रदेश में प्रवेश करेगी भारत जोड़ो यात्रा

इंदौर (जोशहोश डेस्क) राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा मध्यप्रदेश में 23 नवंबर को एंट्री करने जा रही है। प्रदेश में यात्रा के एंट्री से ठीक पहले इंदौर में राहुल गांधी के नाम एक धमकी भरा पत्र मिला है। पत्र में राहुल गांधी को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। पत्र मिलने के बाद हड़कंप मच गया है।

धमकी भरा पत्र शुक्रवार सुबह मिठाई की दुकान के बाहर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा छोड़ा गया है। पत्र में राहुल गांधी को ‘भारत जोड़ो यात्रा’ के दौरान इंदौर पहुंचने पर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है।

पत्र मिलने के बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धारा 507 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने अब आसपास के सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात व्यक्ति की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही संदिग्धों पर निगरानी बढ़ा दी है।

धमकी का मामला सामने आने के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर सीएम शिवराज सिंह चौहान से बात हो गई है साथ ही कमलनाथ ने आरोप लगाया कि भाजपा बौखलाई हुई है और वह यात्रा की सफलता को देखकर हर प्रकार का हथकंडा अपना सकती है।

इससे पहले कांग्रेस ने भी भारत जोड़ो यात्रा में उपद्रव की आशंका जताई थी। कांग्रेस का कहना था कि भारत जोड़ो यात्रा में भाजपा उपद्रव करा सकती है कांग्रेस के अपने कार्यकर्ताओं को पूरी तरह से सजग रहने की बात कही थी जिससे राहुल गांधी की यात्रा के दौरान कोई षड्यंत्र या शरारत ना कर सके।

गौरतलब है कि 23 नवंबर को प्रदेश में यात्रा के प्रवेश को लेकर तैयारी जोरों पर है। मध्यप्रदेश में भी यात्रा 350 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर और आदिवासी समाज के महानायक टंट्या भील की जन्मस्थली पर भी जाएंगे।

Exit mobile version