National

खेल रत्न पुरस्कार पर बोली कांग्रेस- नरेंद्र मोदी स्टेडियम का भी बदल दो नाम

राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम अब मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड, कांग्रेस ने दी केंद्र सरकार को नसीहत।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) केंद्र सरकार ने शुक्रवार को राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार का नाम बदलकर मेजर ध्यानचंद खेल रत्न अवॉर्ड कर दिया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वयं इस फैसले का ऐलान ट्ववीट कर किया। इस ऐलान पर कांग्रेस ने कहा कि मेजर ध्यानचंद का नाम अगर भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी जी अपने छोटे राजनीतिक उद्देश्यों के लिए ना घसीटते तो अच्छा था पर मेजर ध्यानचंद के नाम पर खेल रत्न पुरस्कार का नाम रखने का हम स्वागत करते हैं। साथ ही कांग्रेस ने नरेन्द्र मोदी स्टेडियम का नाम भी किसी खिलाड़ी के नाम पर रखने की नसीहत दी।

शुक्रवार सुबह प्रधानमंत्री ने ट्वीट किया कि ध्यानचंद भारत के पहले खिलाड़ी थे, जो देश के लिए सम्मान और गर्व लाए। देश में खेल का सर्वोच्च पुरस्कार उनके नाम पर रखा जाना ही उचित है। ये अवॉर्ड हमारे देश की जनता की भावनाओं का सम्मान करेगा।

प्रधानमंत्री के इस ऐलान पर कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने बयान जारी कर कहा कि हॉकी के जादूगर और खेल के पुरोधा मेजर ध्यानचंद जी के प्रति सम्मान प्रकट करने का भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस स्वागत करती है। मेजर ध्यानचंद जी ना भूतो ना भविष्यति ऐसे खिलाड़ी थे। हॉकी के जादूगर का नाम उन्हें पूरे देश ने नहीं, पूरी दुनिया ने दिया था। मेजर ध्यानचंद का नाम अगर भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री मोदी जी अपने छोटे राजनीतिक उद्देश्यों के लिए ना घसीटते तो अच्छा था।

सुरजेवाला ने आगे लिखा कि राजीव गांधी जी इस देश के नायक थे, हैं और रहेंगे। राजीव गांधी जी पुरस्कारों से नहीं,अपनी शहादत, अपने विचारों और आधुनिक भारत के निर्माता के तौर पर जाने जाते हैं। आज जब ओलंपिक वर्ष में नरेन्द्र मोदी जी ने स्पोर्ट्स का बजट 230 करोड़ रुपए काट दिया है, तो वो अपनी झेंप मिटाने के लिए ध्यान भटका रहे हैं।

कांग्रेस महासचिव ने कहा कि अब हमें ये उम्मीद है कि देश के खिलाड़ियों के नाम पर और ज्यादा स्टेडियम के नाम और अन्य स्कीम का नाम भी रखा जाएगा। इस सिलसिले में सबसे पहले तो नरेन्द्र मोदी स्टेडियम का नाम भी बदल दीजिए, अरुण जेटली स्टेडियम का नाम भी बदल दीजिए। भारतीय जनता पार्टी के नेताओं पर निर्मित स्टेडियम का नाम भी बदल दीजिए। इन स्टेडियम के नाम सरदार मिल्खा सिंह, मैरी कॉम , सचिन तेंदुलकर और कपिल देव व अन्य खिलाडियों के नाम पर रखिये।

कांग्रेस के महासचिव रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि दुर्भाग्य ये है कि मोदी जी को बड़ी लकीर खींचनी नहीं आती, वो दूसरों की लकीरें मिटाने की कोशिश करते रहते हैं। इसलिए खिलाडियों का बजट भी काट देते हैं पर मेजर ध्यानचंद जो हमारे पुरोधा खिलाड़ी थे, उनके नाम पर कुछ भी रखा जाएगा, भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उसका स्वागत करती है।

Back to top button