MP

कमलनाथ का चुनावी शंखनाद, 13 को कांग्रेस का हल्ला बोल

13 मार्च को कांग्रेस राजधानी भोपाल में राजभवन का घेराव-मार्च

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में व्याप्त जनसमस्याओं को लेकर कांग्रेस अब शिवराज सरकार पर हल्ला बोलने के तैयारी में है। आगामी 13 मार्च को कांग्रेस राजधानी भोपाल में राजभवन का घेराव-विशाल मार्च का आयोजन करेगी जिसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ, प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी महासचिव जेपी अग्रवाल सहित सभी कांग्रेसी मौजूद रहेंगे।

प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष एवं संगठन प्रभारी राजीव सिंह और प्रदेश कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने शुक्रवार को मीडिया से चर्चा में बताया कि 13 मार्च को दोपहर 12 बजे बड़ी संख्या में प्रदेश भर के सभी वरिष्ठ नेतागण, विधायकगण और कांग्रेसजन जवाहर चौक पर एकत्रित होकर पैदल मार्च करते हुए राजभवन के घेराव के लिए कूच करेंगे।

नेताद्वय ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार द्वारा उद्योगपति गौतम अडानी के पक्ष में अपनायी गई क्रोनी कैपीटलिज्म की नीति से गहराये उत्पन्न आर्थिक संकट से गरीब और मध्यम वर्ग के करोड़ों भारतीयों की बचत जोखिम में तब्दील हो गई है। देश में बेहताशा बढ़ती हुई महंगाई, प्रदेश में व्याप्त बेरोजगारी, तनावग्रस्त किसान, अनुसूचित जाति-जनजाति, पिछड़ा वर्ग, अल्पसंख्यक वर्ग और महिलाओं पर हो रहे निरंतर व उत्तरोत्तर अत्याचार, बलात्कार-सामूहिक बलात्कार और उसके बाद उनकी निर्मम हत्याओं, ध्वस्त कानून व्यवस्था, लूट, डकैती सहित भाजपा सरकार की गलत नीतियां के कारण आमजन परेशान है।

कांग्रेस ने आरोप लगया कि भाजपा और संघ विचारधारा संवैधानिक संस्थाओं का दुरुपयोग और उनकी छवि धूमिल करने पर आमादा है। विपक्षी नेताओं को टारगेट किया जा रहा है। लिहाजा अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर यह घेराव-विशाल मार्च आयोजित किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस ने इस हल्ला बोल की व्यापक तैयारी की है। विधानसभा चुनावों से पहले घेराव-विशाल मार्च को चुनावी शंखनाद के रूप में भी देखा जा रहा है। पार्टी ने समस्त जिला प्रभारियों, सह-प्रभारियों और सभी जिला/ शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्षों से कहा है कि वे अपने-अपने जिलों के सभी साथियों, विशेष रूप से ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष, मण्डलम और सेक्टर कांग्रेस अध्यक्षों, मोर्चा संगठनों, विभागों एवं प्रकोष्ठों, स्थानीय संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों सहित सभी कांग्रेसजनों को राजभवन घेराव-विशाल मार्च कार्यक्रम की जानकारी देते हुए अनिवार्य रूप से उनकी उपस्थिति सुनिश्चित करें।

Back to top button