MP

धनौरा की CM-संगठन से न्याय की गुहार, मंत्री गोविंद राजपूत पर फिर लगाए संगीन आरोप

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने और उन पर केस दर्ज कराए जाने के सनसनीखेज आरोप

सागर (जोशहोश डेस्क) सागर के निष्काषित भाजपा नेता राजकुमार धनौरा ने एक बार फिर राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर गंभीर आरोप लगाए हैं। मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं को प्रताड़ित करने और उन पर केस दर्ज कराए जाने के सनसनीखेज आरोप लगाते हुए धनौरा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा से न्याय की गुुहार लगाई है।

शिवराज मंत्रिमंडल के कद्दावर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगा चुके राजकुमार धनोरा ने यह भी कहा कि मेरे परिवार को लगातार पुलिस और प्रशासन द्वारा प्रताड़ित किया जा रहा है। मैं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा संगठन से न्याय की गुहार लगा रहा हूं कि मेरे परिवार को प्रताड़ित न किया जाए।

साथ ही धनौरा ने कहा कि सुरखी विधानासभा में मंत्री गोविंद सिंह राजपूत द्वारा सैकड़ों पुराने भाजपा कार्यकर्ताओं पर केस दर्ज किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन स्तर पर इस बात की तहकीकात कर सकती है कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत किस तरह पार्टी कार्यकर्ताओं पर प्रकरण दर्ज़ करा रहे हैं। धनौरा ने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को जताते हुए पार्टी के लिए अपने योगदान का भी जिक्र वीडियो में किया है।

बता दें कि पर एक हाल ही में और एफआईआर की गई है। इस बार राजकुमार धनोरा पर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष धीरज सिंह ठाकुर की शिकायत पर FIR दर्ज़ की गई है। धीरज सिंह ठाकुर ने राजकुमार धनोरा पर पार्टी के लेटर पैड के दुरुपयोग का आरोप लगाया है।

धीरज सिंह ठाकुर की शिकायत पर सिविल लाइन थाने में शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने राज कुमार धनौरा के खिलाफ धारा 419 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इससे पहले भी भाजपा से निष्कासित नेता राजकुमार धनौरा पर दो FIR दर्ज़ की जा चुकी हैं।

गौरतलब है कि राजकुमार धनौरा ने राजस्व एवं परिवहन मंत्री गोविंद राजपूत की संपत्ति को लेकर गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही मंत्री गोविंद राजपूत को दान में मिली 60 एकड़ जमीन का खुलासा भी किया था। यह भी कहा जा रहा है कि धनौरा के खिलाफ राजनीतिक दुराग्रह के चलते ये शिकायते की जा रहीं हैं और राजस्व मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले के कारण उन्हें निशाने पर लिया जा रहा है। वहीं कांग्रेस ने भाजपा से निष्कासित नेता राजकुमार धानौरा के समर्थन में पुलिस प्रशासन व मंत्री पर आरोप लगाते हुए मोर्चा खोल रखा है।

Back to top button