MP

सांसद तन्खा के बेबाक बोल-मध्यप्रदेश भवन राज्य की धरोहर किसी पार्टी विशेष की नहीं?

दिल्ली में नवनिर्मित मध्यप्रदेश भवन का गुरुवार को लोकार्पण, सांसद विवेक तन्खा ने मध्यप्रदेश भवन को लेकर उठाया बड़ा सवाल

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) देश की राजधानी दिल्ली में नवनिर्मित मध्यप्रदेश भवन का गुरुवार को लोकार्पण हो रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इसका लोकार्पण करेंगे। वहीं लोकार्पण से पूर्व कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा ने मध्यप्रदेश भवन को लेकर बेबाक बात कही है।

सांसद विवेक तन्खा ने सोशल मीडिया पर एक मीडिया रिपोर्ट को शेयर किया है। मीडिया रिपोर्ट में यह कहा गया है कि मध्यप्रदेश भवन के उद्घाटन अवसर पर भाजपा के सभी सांसद, विधायक और मंत्रियों को आमंत्रित किया गया है। सांसद तन्खा ने इस बात पर गहरी आपत्ति जताई है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि समाचार पत्रों के अनुसार,आज प्रदेश के मुख्यमंत्री इस नव निर्मित भवन का उद्घाटन भाजपा के मंत्री/विधायक/सांसदों 1/2 की उपस्थिति में करेंगे। यह भवन राज्य की धरोहर है, न कि किसी पार्टी विशेष की। सरकारें तो परिवर्तनशील होती हैं, किन्तु व्यवस्थाएँ स्थाई| छोटी सोच।

सांसद विवेक तन्खा ने यह भी बताया कि कमलनाथ सरकार ने ‘मध्य प्रदेश भवन’ की आधारशिला रखी और शिवराज सरकार ने इसका निर्माण पूर्ण किया। साथ ही उन्होंने मध्यप्रदेश की जनता को उसके नई दिल्ली स्थित नव निर्मित ‘मध्य प्रदेश भवन’ की बधाई भी दी।

गौरतलब है कि दिल्ली में नव निर्मित ‘मध्य प्रदेश भवन’ 9 वर्ग मीटर क्षेत्र में 150 करोड़ रुपए की लागत से तैयार हुआ है। आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन MP भवन 6 फ्लोर में राज्य के संस्कृति, वन्य-जीव, जनजातीय परम्परा, कला और राजनीतिक हस्तियों को दर्शाया गया है। MP के इस नए भवन में 104 रूम, जिसमें 66 डीलक्स रूम और 38 सामान्य रूम के साथ चार वीआईपी सूट रूम भी हैं। साथ ही इस भवन के कॉन्फ्रेंस रूम में एक साथ 45 लोगों के बैठने की व्यव्यस्था एवं 250 लोगों के बैठने के लिए ऑडिटोरियम बनाया गया है।

Back to top button