ऐसी कौन सी विशेष परिस्थिति, जो इनके बिना काम-काज होगा प्रभावित?

CS इकबाल सिंह बैंस के दोबारा एक्सटेंशन पर सांसद विवेक तन्खा ने उठाया सवाल

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश के मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस की सेवावृद्धि को लेकर चल रही अटकलों पर अब विराम लग चुका है। केंद्र सरकार ने मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस को 6 महीने का एक और एक्सटेंशन दे दिया है। इसके बाद बैंस तीस नवंबर तक बतौर चीफ सेक्रेटरी (CS) सेवाएं देंगे। यह कहा जा सकता है कि अब प्रदेश में विधानसभा चुनाव तक इकबाल सिंह बैंस ही मुख्य सचिव रहेंगे।

बड़ी बात यह है कि बैंस की यह दूसरी सेवावृद्धि है। इसके पहले उन्हें रिटायरमेंट वाले दिन (30 नवंबर) सेवावृद्धि मिली थी। तब उनका कार्यकाल 6 महीने बढ़ाने का आदेश जारी हुआ था। मुख्य सचिव बैंस की सेवावृद्धि का यह कार्यकाल 31 मई को समाप्त हो रहा था लेकिन उससे पहले ही उन्हें दोबारा सेवावृद्धि मिल गई।

इधर मुख्य सचिव बैंस की सेवावृद्धि को लेकर कांग्रेस सांसद विवेक तन्खा ने सवाल खड़े किये हैं। उन्होंने लिखा कि मप्र मुख्य सचिव को दूसरा छह माह का एक्सटेंशन उन्हें चुनाव तक ले जाएगा। ऐसी कौन सी विशेष परिस्थिति है कि प्रदेश का काम काज इनके बिना प्रभावित होगा?

सांसद तन्खा ने यह भी लिखा कि शिवराज जी आप मुख्य सचिव की बची खुची साख को क्यों कतर रहे हैं? उन्हें इज़्ज़त से घर जाने देते। समय बदल रहा है।

बता दें कि सीएम शिवराज से बैंस की जुगलबंदी बहुत बेहतर मानी जाती है। 1985 बैच की IAS इक़बाल सिंह बैंस को मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के भरोसेमंद अफ़सरों में शुमार किया जाता है। शिवराज सरकार में ही वे मुख्यमंत्री कार्यालय में सचिव और प्रमुख सचिव भी रह चुके हैं। इक़बाल सिंह बैंस अब प्रदेश के पहले मुख्य सचिव हैं जिन्हे दो सेवावृद्धि मिली हैं।

इधर प्रशासनिक गलियारों में यह भी कहा जा रहा है कि प्रदेश के प्रशासनिक मुखिया को करीब एक साल का एक्सटेंशन दिया गया है। यह गलत रीत है। इस एक साल में ऐसे कई अधिकारी रिटायर्ड हो जाएंगे जो कि मुख्य सचिव बनने के हकदार थे। ऐसे में एक ही अधिकारी को बार-बार उपकृत करना गलत परंपरा को जन्म दे रहा है।

Exit mobile version