सिंधिया के गढ़ में BJP को झटका, यादवेंद्र यादव समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल

जिला पंचायत सदस्य यादवेंद्र सिंह यादव ने कमलनाथ के सामने ली कांग्रेस की सदस्यता

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सत्ताधारी BJP को बड़ा झटका दिया है। बुधवार को BJP के पूर्व विधायक स्वर्गीय देशराज सिंह के बेटे व वर्तमान जिला पंचायत सदस्य यादवेंद्र सिंह यादव ने कमलनाथ के सामने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण कर ली। इसे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ अशोक नगर में कांग्रेस की बड़ी सेंध बताया जा रहा है।

भोपाल में प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में यादवेंद्र सिंह यादव अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हुए। करीब 500 गाड़ियों के काफिले में यादवेंद्र यादव अपने समर्थकों के साथ भोपाल पहुंचे। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव और प्रदेश के पूर्व मंत्री जयवर्धन सिंह भी मौजूद थे।

कांग्रेस में शामिल होने को लेकर यादवेंद्र सिंह ने कहा कि जब से ज्योतिरादित्य सिंधिया और उनके साथी BJP में आए हैं, तब से मूल कार्यकर्ताओं की उपेक्षा हो रही है। दो साल से अपनी और अपने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा झेल रहे हैं। इस कारण अब कांग्रेस का दामन थाम रहे हैं।

वहीं भोपाल में यादवेंद्र सिंह यादव द्वारा कांग्रेस की सदस्यता लिए जाने पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि यादवेंद्र यादव कांग्रेस का नहीं बल्कि सच्चाई का साथ देने आये हैं। जो सम्मान उन्हें पहले मिलता था कांग्रेस में उससे कहीं ज्यादा मान मिलेगा। यादवेंद्र सिंह यादव के समर्थकों से कमलनाथ ने कहा कि आप ने पार्टी नहीं प्रदेश के हित को देखकर निर्णय लिया है मैं इसका स्वागत करता हूँ।

बताया जा रहा है कि ग्वालियर-चम्बल में सिंधिया के कारण जो भाजपा नेता उपेक्षित मह्सूस कर रहे थे उनमें यादवेंद्र सिंह यादव भी एक थे। यादवेंद्र सिंह यादव को कांग्रेस में लाने की स्क्रिप्ट दिग्विजय व जयवर्धन की बताई जा रही है। साथ ही अरुण यादव के देशराज सिंह से पुराने संबंध भी यादवेंद्र सिंह के दल बदल में अहम बताये जा रहे हैं।

कहा जा रहा है कि यादवेंद्र सिंह यादव को कांग्रेस मुंगावली से आगामी विस चुनाव में प्रत्याशी बना सकती है। इस सीट पर अभी सिंधिया के कट्टर समर्थक व शिवराज सरकार के मंत्री ब्रजेंद्र सिंह यादव का कब्ज़ा है। मुंगावाली सीट पर यादव मतों की बहुलता है। ऐसे में यादवेंद्र सिंह यादव इस सीट पर कांग्रेस के लिए बड़ी उम्मीद बन सकते हैं। मुंगावली विधानसभा क्षेत्र से यादवेंद्र सिंह यादव के पिता स्व. राव देशराज सिंह यादव तीन बार विधायक भी रह चुके हैं।

Exit mobile version