भारत जोड़ो यात्रा के लिए आज भोपाल में समर्थन जुटा रहे योगेंद्र यादव

योगेंद्र यादव शाम 4.30 बजे गांधी भवन के मोहनिया हॉल में 'हम सब' संस्था की ओर से आयोजित एक परिचर्चा में व्याख्यान देंगे।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) कन्याकुमारी से प्रारंभ हुई कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब महाराष्ट्र तक पहुँच चुकी है। यात्रा का अगला पड़ाव मध्यप्रदेश है। मध्यप्रदेश में यात्रा के लिए व्यापक तैयारियां की जा रहीं हैं। इस सिलसिले में सामाजिक और राजनैतिक विश्लेषक योगेंद्र यादव शनिवार को भोपाल में यात्रा के पक्ष में समर्थन जुटाएंगे।

तय कार्यक्रम के अनुसार योगेंद्र यादव शनिवार सुबह 11 बजे गांधी भवन में प्रदेश भर से आए सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों को संबोधित करेंगे। इसके बाद शाम 4.30 बजे गांधी भवन के मोहनिया हॉल में ‘हम सब’ संस्था की ओर से आयोजित एक परिचर्चा में व्याख्यान देंगे।

गांधी भवन में आयोजित इस परिचर्चा का विषय ‘भारत जोड़ो यात्राः प्रभाव और निहितार्थ’ है। इसमें योगेंद्र यादव के साथ-साथ सीपीआईएम के नेता बादल सरोज और माखनलाल विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति दीपक तिवारी भी भारत जोड़ो यात्रा को लेकर अपनी बात रखेंगे।

गौरतलब है कि कन्याकुमारी से प्रारम्भ हुई भारत जोड़ो यात्रा केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक, आंध्र और तेलंगाना के बाद अब महाराष्ट्र में प्रवेश कर चुकी है। शुक्रवार को महाराष्ट्र में शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के युवा नेता आदित्य ठाकरे भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए थे। यात्रा में शामिल शिवसेना नेता आदित्य ठाकरे ने कहा था कि लोकतंत्र और संविधान के लिए हम साथ लड़ रहे हैं। हम आगे बढ़ते जाएंगे, कारवां आगे बढ़ता जाएगा। कांग्रेस ने भी भारत जोड़ो यात्रा को क्रांति बताते हुए इसमें शामिल होने पर आदित्य ठाकरे का आभार जताया और कहा कि अन्याय के ख़िलाफ़ हम एक हैं। हक़ के लिए मिल कर आवाज़ उठाएंगे,कंधे से कंधा मिलाएंगे,भारत जोड़ते जाएंगे।

यात्रा का अगला पड़ाव मध्यप्रदेश है। मध्यप्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा 20 नवंबर को बुरहानपुर से प्रवेश करेगी। मध्यप्रदेश में भी यात्रा 350 किलोमीटर से अधिक का सफर तय करेगी। इस दौरान राहुल गांधी बाबा महाकाल के दर्शन करेंगे और संविधान निर्माता बाबासाहेब आंबेडकर और आदिवासी समाज के महानायक टंट्या भील की जन्मस्थली पर भी जाएंगे।

Exit mobile version