NationalSports

41 साल बाद मेडल, भारतीय हाॅकी की ‘नवीन’ जीत के नायक रहे पटनायक

भारत ने जर्मनी को तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में 5-4 से हराकर 41साल बाद ओलंपिक हाॅकी में मेडल जीता।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) भारतीय पुरुष हाॅकी टीम ने टोक्यो ओलंपिक में कांस्य पदक जीत कर इतिहास रच दिया। भारत ने जर्मनी को तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में 5-4 से हराकर 41साल बाद ओलंपिक हाॅकी में मेडल जीता। भारतीय हॉकी को नया जीवन देने वाली इस उपलब्धि के बाद ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक हाॅकी सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है। पटनायक अब इस जीत के बाद भारतीय हाॅकी के लिए बड़े ऐलान भी कर सकते हैं।

भारतीय टीम की अविस्मरणीय जीत के बाद नवीन पटनायक ने पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि ये जीत भारत में भविष्य के खिलाडियों के लिए प्रेरणा का काम करेगी।

भारतीय टीम की जीत के बाद सोशल मीडिया पर नवीन पटनायक को धन्यवाद कहा जा रहा है क्योंकि जब भारतीय हाॅकी अपने बुरे दौर से गुजर रही थी और कार्पोरेट स्पांसर की नजर केवल क्रिकेट पर थी तब नवीन पटनायक ने भारत की दोनों टीमों को समर्थन दिया और ओडिशा सरकार भारत की पुरुष और महिला हाॅकी टीम की प्रायोजक बनी।

अब यह खबर आई है कि ओडिशा सरकार भारत की पुरुष और महिला दोनों टीमों की न सिर्फ स्पांसरशिप जारी रखेगा बल्कि ओलंपिक पदक विजेता खिलाडियों को नगद राशि देकर सम्मानित भी करेगी। भारतीय हॉकी टीम को स्पॉन्सर करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य है।

ओडिशा सरकार से पहले सहारा ने भारतीय हॉकी को स्पॉन्सर किया था। साल 2018 में सहारा ने आधिकारिक स्पॉन्सरशिप वापस ले ली थी तब ओडिशा सरकार ने भारतीय हॉकी की मदद कर इसे जीवित रखा। आज ओलंपिक में भारतीय टीम जिस तरह का खेल दिखा रही उसके पीछे नवीन पटनायक का बड़ा हाथ है। नवीन पटनायक भी अपने स्कूल के दिनों में हॉकी के गोलकीपर भी रह चुके हैं।

तीसरे स्थान के लिए खेले गए मुकाबले में भारतीय टीम ने धारधार प्रदर्शन करते हुए जर्मनी को हराया। दूसरे क्वार्टर में 3-1 से पिछड़ने के भारत ने जबरदस्त पलटवार किया। भारत के लिए सिमरनजीत सिंह ने 17वें और 34वें, हार्दिक सिंह ने 27वें, हरमनप्रीत सिंह ने 29वें और रुपिंदर पाल सिंह ने 31वें मिनट में गोल किया।

इस जीत के बाद पूरे देश में जश्न का माहौल है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने भी टीम को ऐतिहासिक जीत पर बधाई दी है।

Back to top button