यूपी: शाह का सदस्यता अभियान पर फोकस, प्रियंका ने बांटा किसान परिवारों का दर्द

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। वहीं ललितपुर में खाद के लिए जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों के बीच पहुँची प्रियंका गांधी।

लखनऊ/ ललितपुर (जोशहोश डेस्क) उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सियासी सरगर्मियां लगातार तेज होती जा रही हैं। चुनावी रणनीति को धार देने गृहमंत्री अमित शाह आज लखनऊ पहुंचे। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी ललितपुर में खाद के लिए जान गंवाने वाले किसानों के परिवारों के बीच पहुँची।

केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह शुक्रवार को लखनऊ पहुंचे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने उनका स्वागत किया। अमित शाह आज लखनऊ में ‘मेरा परिवार-भाजपा परिवार’ सदस्यता अभियान का आगाज करेंगे। इसके अलावा अमित शाह वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को भी संबोधित करेंगे। साथ ही उत्तर प्रदेश के विकास पर आधारित पुस्तक का विमोचन भी करेंगे।

यह माना जा रहा है कि शाह इस दौरे के साथ चुनाव तैयारियों की समीक्षा करेंगे। बीते विधानसभा चुनाव में अमित शाह ही उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे और भाजपा ने यहां बंपर जीत हासिल की थी।

दूसरी कांग्रेस की महासचिव प्रियंका गांधी शुक्रवार को ललितपुर पहुंची। यहां यूरिया के लिए जान गंवाने वाले चार किसानों के परिजनों को प्रियंका गांधी ने सांत्वना दी। प्रियंका से किसान परिवारों के आर्थिक संकट को देखते हुए 5-5 लाख की आर्थिक मदद देने के आश्वासन दिया। प्रियंका ने मृतक किसानों के बच्चों की पढ़ाई की जिम्मा भी कांग्रेस द्वारा लिए जाने की बात कही।

मुलाक़ात के बाद प्रियंका गांधी ने मीडिया से कहा कि दिल्ली से लेकर लखीमपुर और ललितपुर तक सरकारें किसानों की सुध नहीं ले रहीं। जो सरकार किसान को खाद देने में असमर्थ है वो सरकार भला क्या करेगी? इससे पहले प्रियंका गांधी ने गुरुवार रात ललितपुर जाते समय लखनऊ के चारबाग रेलवे स्टेशन पर कुलियों से मुलाकात की थी। कुलियों ने अपनी जीविका से जुड़ी समस्याओं को साझा किया था।

Exit mobile version