भारत बंद: 10 महीने से आंदोलन कर रहे किसानों का हल्ला बोल, हाईवे जाम-कई ट्रेन रद्द

संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के भारत बंद का दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में व्यापक असर।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) संयुक्त किसान मोर्चा (SKM) के आव्हान पर भारत बंद का आज दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में व्यापक असर दिखाई दे रहा है। किसानों के सड़कों पर उतरने से हाईवे जाम हैं। कई ट्रेन भी रद्द करना पड़ी हैं। वहीं किसान नेता राकेश टिकैत ने भारत बंद पर अपनी बात रखी है।

किसान आंदोलन को दस महीने पूरे हो चुके हैं। दस महीने पूरे होने पर किसानों ने भारत बंद का आव्हान कर अपनी ताकत दिखाई है। हाइवे पर किसान बैठे हुए हैं। पंजाब-हरियाणा में रेलवे स्टेशनों और पटरियों पर किसानों का प्रदर्शन चल रहा है। किसानों ने शाम 4 बजे तक बंद का आव्हान किया है।

भारत बंद को लेकर किसान नेता राकेश टिकैत ने अपनी बात रखी है। उन्होंने बंद के कारण लोगों को हो रही असुविधा के लिए खेद जताया है। साथ ही कहा है कि किसान तो दस महीने से परेशानियां झेल रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार को फिर चेताया कि सरकार कान खोल कर लें, कृषि कानूनों की वापसी व MSP की गारंटी के बिना घर वापसी नहीं होगी।

संयुक्त किसान मोर्चा के भारत बंद में विपक्षी दल भी साथ हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने किसानों के भारत बंद को समर्थन दिया है-

गुरुग्राम-दिल्ली बॉर्डर पर ट्रैफिक जाम।

भारत बंद के चलते हरियाणा में नेशनल और स्टेट हाईवे बंद हैं। स्कूलों ने छुटि्टयां कर दी हैं। पंजाब में भी बंद का व्यापक असर दिख रहा है। यहां स्कूल, कॉलेज, यूनिवर्सिटी बंद, पेट्रोल पम्प बंद हैं। दिल्ली-पंजाब के बीच रेल सेवा भी प्रभावित हुई है। उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से में बंद का असर ज्यादा नज़र आ रहा है। मध्यप्रदेश में किसानों के साथ कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता सड़कों पर बंद कराते नज़र आये।

गौरतलब है कि 5 सितंबर को यूपी के मुजफ्फरनगर में संयुक्त किसान मोर्चा की महापंचायत में बंद का निर्णय लिया गया था। यहाँ निर्णय लिया गया था कि किसान आंदोलन के 10 माह बाद भी सरकार ने किसानों की मांगों पर विचार नहीं किया तो पूरे देश में 27 सितंबर को भारत बंद किया जाएगा।

Exit mobile version