MP

कमलनाथ के घर जुटे MP के दिग्गज, सोनिया गांधी के मिशन पर मंथन

सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कमलनाथ की प्रदेश के बड़े नेताओं के साथ अहम बैठक।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के आवास पर बुधवार को प्रदेश के बड़े नेताओं की अहम बैठक हुई। सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कमलनाथ की प्रदेश के दिग्गज नेताओं के साथ बैठक को सियासी गलियारों में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। माना जा रहा है कि देश और प्रदेश के मुद्दों पर सोनिया गांधी के मिशन को लेकर इस बैठक में मंथन किया गया।

बुधवार शाम कमलनाथ के निवास पर हुई बैठक में राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव और पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह और कांतिलाल भूरिया शामिल हुए। कहा जा रहा है कि पहले इस बैठक में अन्य नेताओं को भी बुलाया जाना था लेकिन सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद बैठक इन छह नेताओं के बीच ही सीमित कर दी गई।

एक दिन पहले ही प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की अध्यक्षा सोनिया गांधी से मुलाकात की थी। करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात में देश के वर्तमान हालातों, ताज़ा राजनैतिक परिस्थितियों, विभिन्न साम्प्रदायिक घटनाओं के अलावा हाल ही में सम्पन्न उपचुनावों के परिणामों व संगठन के विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई थी। जिसके बारे में कमलनाथ ने प्रदेश के नेताओं को बैठक में अवगत कराया।

बताया जा रहा है कि बैठक में चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर की कांग्रेस में एंट्री के साथ मध्यप्रदेश में उनकी भूमिका और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भी व्यापक चर्चा हुई। बैठक में आगामी राज्यसभा चुनाव पर चर्चा की बात भी सामने आ रही है। सांसद विवेक तन्खा का कार्यकाल पूरा होने के बाद कांग्रेस में अब नए नाम पर विचार चल रहा है।

गौरतलब है कि दस जनपथ पर आयोजित कांग्रेस की बैठक में सोनिया गांधी के साथ चुनावी रणनीतिकार प्रशांत किशोर, कमलनाथ और दिग्विजय सिंह भी मौजूद थे। माना जा रहा है कि प्रशांत किशोर सोनिया गांधी के साथ राज्यवार कांग्रेस की संभावनाओं पर बात कर रहे हैं। कमलनाथ और दिग्विजय सिंह दोनों का बैठक में शामिल होना भी यह जता रहा था कि दस जनपथ की बैठक में मध्यप्रदेश को लेकर भी मंथन हुआ है।

Back to top button