राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को मिला राम मंदिर के मुख्य पुजारी का समर्थन

राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने पत्र भेजकर भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के लिए दी शुभकामनाएं

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को राम जन्मभूमि के पुजारी का भी समर्थन मिला है। राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने सोमवार को राहुल को पत्र भेजकर भारत जोड़ो यात्रा की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। भारत जोड़ो यात्रा ब्रेक के बाद दोबारा मंगलवार को प्रारंभ हुई है। यात्रा आज उत्तरप्रदेश में भी एंट्री कर रही है। ऐसे में राम जन्मभूमि के मुख्य पुजारी का यात्रा को समर्थन महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

पत्र में आचार्य सत्येंद्र दास ने लिखा है कि आपकी जो यह देश जोड़ने की यात्रा है वह पूर्ण हो। जो लक्ष्य लेकर आप चल रहे हैं उसमें आपको सफलता मिले। देश के हित में जो भी कार्य कर रहे हैं वह वास्तव में सर्वजन सुखाय सर्वजन हिताय है। हमारी मंगल कामना है कि आपकी यात्रा सफलतापूर्वक अपने लक्ष्य को प्राप्त करें।

यात्रा के उत्तर प्रदेश में प्रवेश से पहले सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी राहुल गांधी का भारत जोड़ो यात्रा में निमंत्रण के लिए धन्यवाद किया और भारत जोड़ो की मुहिम की सफलता के लिए शुभकामनाएं दी थीं।

अखिलेश यादव ने धन्यवाद देते हुए लिखा था कि भारत भौगोलिक विस्तार से अधिक एक अवधारणा है। इसमें प्रेम, अहिंसा, करुणा, सहयोग और मैत्री ऐसे सकारात्मक तत्व हैं जो भारत को एक सूत्र में बांधते हैं। यह यात्रा देश की इस समावेशी संस्कृति को बनाए रखने के अपने लक्ष्य को प्राप्त करेगी।

बसपा सुप्रीमो मायावती ने भी भारत जोड़ो यात्रा के लिए राहुल गांधी को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने इस यात्रा में शामिल होने के लिए लिखी गई चिट्ठी के लिए राहुल को धन्यवाद भी दिया था।

गौरतलब है कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा अब तक करीब दो हजार किलोमीटर से ज्यादा का सफर तय कर चुकी है। तमिलनाडु के कन्याकुमारी से प्रांरभ हुई यात्रा केरल, कर्नाटक, आंध्रप्रदेश, तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, हरियाणा और दिल्ली तक का सफर पूरा करने के बाद उत्तरप्रदेश में प्रवेश करेगी।

Exit mobile version