National

जंतर-मंतर: BJP नेता अश्विनी उपाध्याय समेत 6 अरेस्ट, आज जहरीले नारों का विरोध

गिरफ्तार लोगों में प्रीत सिंह भी शामिल है जो 'सेव इंडिया फाउंडेशन' का निदेशक है।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) जंतर-मंतर पर भड़काऊ नारेबाजी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर किरकिरी के बाद दिल्ली पुलिस ने कार्यक्रम के आयोजन से जुड़े BJP नेता अश्विनी उपाध्याय समेत 6 लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार हुए लोगों में प्रीत सिंह भी शामिल है जो ‘सेव इंडिया फाउंडेशन’ का निदेशक है। सेव इंडिया के बैनर तले ही यह कार्यक्रम आयोजित किया गया था। वहीं आज शाम जंतर-मंतर पर ही भड़काऊ नारेबाजी के विरोध में प्रदर्शन भी किया जाएगा।

बताया जा रहा है देर रात करीब 3 बजे अश्विनी उपाध्याय दिल्ली के कनॉट प्लेस थाने पहुंचे थे जहाँ उन्होंने पुलिस को बताया कि भारत छोड़ो आंदोलन की वर्षगांठ पर 8 अगस्त को ‘सेव इंडिया फाउंडेशन’ के तहत जंतर-मंतर पर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम में केवल 50 लोगों को बुलाया गया था, लेकिन बढ़ती भीड़ को देखकर 12:00 बजे मंच से वो चले गए और कार्यक्रम खत्म कर दिया गया था। भाजपा नेता अश्विनी के मुताबिक उन्हें नहीं पता कि नारे लगाने वाले कौन लोग हैं और उन्होंने नारे क्यों लगाए?

इससे पहले भड़काऊ नारे के मामले में दिल्ली पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज की थी। हालांकि सोशल मीडिया पर कार्यक्रम के वीडियो वायरल होने और नारे लगते दिख रहे लोगों की पहचान सामने आने के बाद भी दिल्ली पुलिस द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किये जाने को लेकर सवाल उठ रहे थे।

दूसरी ओर भड़काऊ नारेबाजी के विरोध में आज जंतर मंतर पर ही विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। सोशल मीडिया पर इस कार्यक्रम को लेकर ‘कम टूगेदर फाॅर पीस’ अभियान भी चलाया जा रहा है।

गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर-मंतर पर 8 अगस्त को कार्यक्रम के दौरान भड़काऊ नारे लगाए गए थे। खुलेआम भड़काऊ नारे लगाते हुए लोगों के वीडियो भी वायरल हुए थे। भड़काऊ नारेबाजी पर सोशल मीडिया में भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आई थीं। राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग ने भी सोमवार को दिल्ली पुलिस को नोटिस जारी कर सख्त कार्रवाई को कहा था। वहीं मुस्लिम संगठन जमीयत उलेमा-ए-हिंद ने गृह मंत्री अमित शाह और पुलिस आयुक्त राकेश अस्थाना को पत्र लिखकर इस मामले में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया था।

Back to top button