National

विधानसभा में पोर्न देखते पकड़े गए BJP विधायक, त्रिपुरा में कर्नाटक का शर्मनाक सीन

त्रिपुरा असेंबली सेशन के दौरान भाजपा विधायक जदबलाल नाथ टैबलेट पर देख रहे थे पोर्न

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) विधानसभा चुनाव के ऐलान के साथ ही कर्नाटक की सियासत सुर्ख़ियों में है। वहीं कर्नाटक विधानसभा में करीब 11 साल पहले हुआ शर्मनाक घटनाक्रम भी एक बार उस समय सुर्ख़ियों में आ गया जब त्रिपुरा विधानसभा में भी कमोबेश वैसी ही घटना सामने आई। यहाँ बीजेपी विधायक जदबलाल नाथ को राज्य की विधानसभा के अंदर कथित तौर पर पोर्न देखते हुए पकड़ा गया।

मीडिया रिपोर्ट्स और लीक हुए वीडियो से पता चलता है कि त्रिपुरा असेंबली सेशन के दौरान भाजपा विधायक जदबलाल नाथ अपने टैबलेट पर पोर्न देख रहे थे। बताया जा रहा है कि जब नाथ अपने टैबलेट पर पोर्न देख रहे थे, तभी उनके ठीक पीछे खड़े किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह घटना 27 मार्च को विधानसभा में हुई थी। जो अब वायरल हो रही है। जदबलाल नाथ पहले CPI(M) के कार्यकर्ता थे। वे साल 2018 के चुनावों से भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। बीजेपी के टिकट पर उनका पहला चुनाव पूर्व स्पीकर रामेंद्र चंद्र देबनाथ के खिलाफ हुआ था, जिसमें वे हार गए थे। हालांकि, हाल ही में हुए 2023 के विधानसभा चुनाव में उन्हें जीत हासिल हुई है।

वीडियो वायरल होने के बाद किरकिरी को देखते हुए अब भाजपा ने जदबलाल नाथ को तालाब किया है। त्रिपुरा भाजपा अध्यक्ष राजीव भट्टाचार्य के मुताबिक़ जदबलाल को नोटिस भी जारी किया जाएगा और स्पष्टीकरण मांगा जायेगा। वहीं पूरे मामले को लेकर विधायक जदबलाल ने साजिश करार दिया है। जादबलाल का कहना है कि वे इस मामले में पार्टी को अपना स्पष्टीकरण देंगे।

गौरतलब है कि कर्नाटक विधानसभा में भी भाजपा विधायकों का पोर्न देखते हुए वीडियो वायरल हुआ था। भारत की संसदीय कार्यवाही के इतिहास को शर्मसार करने वाली यह घटना 2012 में हुई थी। भाजपा विद्याक लक्ष्मण सावदी और सीसी पाटिल पोर्न देखते हुए पकड़े गए थे।

Back to top button