National

सिंघु बार्डर पर जघन्य हत्या, युवक का हाथ काटकर लटकाया शव

भारी पुलिस बल मौके पर तैनात, संयुक्त किसान मोर्चा ने बुलाई बैठक

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) सिंघु बॉर्डर पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई। युवक का एक हाथ काटकर शव को किसान आंदोलन के मंच के सामने लटका दिया गया। किसान आंदोलन के मंच के सामने लटकाए जाने के कारण पूरा मामला बेहद संगीन हो चला है। घटना के कई वीडियो भी वायरल हो रहे हैं।

घटना शुक्रवार सुबह पांच बजे की बताई जा रही है। मारे गए युवक की पहचान तरनतारन निवासी 35 वर्षीय सुखबीर सिंह के रूप में हुई है। एक वायरल वीडियो में निहंग युवक पर गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी का आरोप लगाते हुए मारपीट करते दिख रहे हैं।

घटना से जुडे एक वायरल वीडियो निहंगों के कबूलनामे का भी है। इसमें वे कहते दिख रहे हैं. सिंघु बॉर्डर पर इस पापी ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब की बेअदबी की। फौज ने इसका हाथ काट दिया और टांग भी काट दी है।

मामले की संवदेनशीलता को देखते हुए भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा है। वहीं अभी तक इस मामले में किसी की गिरफ्तारी की बात सामने नहीं आई है। वहीं संयुक्त किसान मोर्चा के पदाधिकारी हत्या के बाद की स्थितियों पर बैठक कर रहे हैं।

इस जघन्य हत्या को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी इसे तालिबानी मानसिकता बताते हुए आरोपियों को कड़ी सजा दिए जाने की मांग की जा रही है। वहीं इसे किसान आंदोलन को बदनाम करने की साजिश भी कहा जा रहा है। दूसरी ओर यह भी कहा जा रहा है कि किसान आंदोलन की आड़ में किसी प्रकार की अराजकता पर सरकार को सख्ती बरतना चाहिए।

Back to top button