NationalPolitics

दिग्गज दरकिनार, 2017 में पहली बार विधायक बने भूपेंद्र पटेल गुजरात के नए CM

रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में भूपेंद्र पटेल के नाम पर मुहर लगी।

गांधीनगर (जोशहोश डेस्क) गुजरात के नए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल होंगे। भाजपा आलाकमान ने एक बार फिर चौंकाने वाला निर्णय लिया और रेस में चल रहे सारे दिग्गज नामों से इतर भूपेंद्र पटेल पर भरोसा जताया। रविवार को हुई विधायक दल की बैठक में भूपेंद्र पटेल के नाम पर मुहर लगी।

भूपेंद्र पटेल पाटीदार समुदार के कद्दावर नेता और घाटलोडिया सीट से विधायक हैं। उन्हें पूर्व मुख्यमंत्री आनंदीबेन पटेल का करीबी माना जाता है। घाटलोडिया सीट से आनंदीबेन पटेल भी विधायक रह चुकी हैं। आनंदीबेन पटेल के स्थान पर 2017 में भूपेंद्र पटेल इस सीट से चुनाव लड़कर पहली बार विधायक बने थे।

कहा जा रहा कि विधायक दल की बैठक में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने भूपेंद्र पटेल के नाम का प्रस्ताव रखा। बैठक में बतौर पर्यवेक्षक केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर भी मौजूद थे। विधायक दल की बैठक के बाद केंद्रीय मंत्री और पर्यवेक्षक नरेंद्र सिंह तोमर ने भूपेंद्र पटेल के नाम का ऐलान किया।

गौरतलब है कि शनिवार को एक अप्रत्यशित घटनाक्रम में गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उनके इस्तीफे के बाद उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल के अलावा केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया, केंद्रीय मत्स्य एवं पशुपालन मंत्री पुरुषोत्तम रुपाला और गुजरात भाजपा के अध्यक्ष सीआर पाटिल अगले मुख्यमंत्री पद के दावेदार बताये जा रहे थे।

उत्तराखंड और कर्नाटक के बाद गुजरात तीसरा राज्य है जहां भारतीय जनता पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री को बदला है। गुजरात में अगले साल विधानसभा चुनाव होने हैं कहा यह भी जा रहा है कि भाजपा चाहती है कि 6 महीने बाद होने वाले उत्तरप्रदेश के साथ गुजरात में भी विधानसभा चुनाव करा लिया जाए।

Back to top button