National

वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ की पत्नी चिन्ना दुआ का निधन, कोरोना से हार गईं जंग

गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) वरिष्ठ पत्रकार विनोद दुआ की पत्नी डॉ पद्मावती दुआ (चिन्ना दुआ) का निधन हो गया। गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे उन्होंने आखिरी सांस ली। वे लगभग 56 वर्ष की थीं। वे कुछ हफ्ते पहले विनोद दुआ को हुए कोविड इंफेक्शन के बाद स्वयं भी कोविड से संक्रमित होने के कारण अस्पताल में भर्ती हुई थीं।

चिन्ना डॉक्टर, सिंगर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर थीं। बताया जा रहा है कि कोविड निमोनिया से चिन्ना दुआ के फेफड़े अत्यधिक क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस कारण उनका सघन इलाज जारी रखा गया। यहां तक कि उनके इलाज के लिए ECMO (Extracorporeal Membrane Oxygenation) का भी प्रयोग किया गया लेकिन उसके बावजूद तमाम परेशानियां बढ़ती गयीं।

कोविड निगेटिव होने के बावजूद सेकेंडरी इंफेक्शन से दोबारा निमोनिया होने से उनकी स्थिति और बिगड़ गयी थी। इससे पहले स्ट्रोक आने के कारण उनके दिमाग में खून के थक्के जम जाने से उनकी स्थिति अत्यधिक गंभीर हो चुकी थी।

जानकारी के मुताबिक विनोद दुआ कोविड से ठीक होने के बाद हुए फंगल इंफेक्शन के कारण दुबारा अस्पताल में भर्ती हैं। वहीं उनकी छोटी बेटी मल्लिका कोविड से ठीक होकर अपने पिता की देखरेख कर रही है। मल्लिका दुआ अभिनेत्री और कॉमेडियन हैं।

Back to top button