National

हाथ से हाथ जोड़ो: अरुण यादव को CG, प्रमोद तिवारी को MP की जिम्मेदारी

अभियान के लिए जिन 26 प्रदेशों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किये गए हैं उनमें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ भी शामिल है।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के साथ कांग्रेस ने 26 जनवरी से शुरू हो रहे ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान की तैयारी भी जोर शोर से शुरू कर दी है। अभियान के लिए जिन 26 प्रदेशों के लिए पर्यवेक्षक नियुक्त किये गए हैं उनमें मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ भी शामिल है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अरुण यादव को छत्तीसगढ़ का पर्यवेक्षक बनाया गया है। वहीं मध्यप्रदेश की जिम्मेदारी प्रमोद तिवारी को सौंपी गई है। ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान भारत जोड़ो यात्रा का दूसरा फेज होगा। यह अभियान 26 जनवरी से 26 मार्च तक चलेगा।

कांग्रेस के सीनियर नेता और इंचार्ज कम्युनिकेशन जयराम रमेश के मुताबिक़ ‘हाथ से हाथ जोड़ो’ अभियान के तहत बूथ, ब्लॉक और जिला स्तर यात्राएं होंगी। इसका मकसद भारत जोड़ो यात्रा के संदेश का ज्यादा से ज्यादा प्रचार करना होगा।

हाल ही में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी ‘हाथ से हाथ जोड़ो अभियान’ को आगे बढ़ाने पर पार्टी महासचिवों, विभिन्न राज्यों के प्रभारियों, पीसीसी अध्यक्षों और सीएलपी नेताओं के साथ विचार-विमर्श किया था। इस दौरान राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, लोकसभा में कांग्रेस के नेता अधीर रंजन चौधरी, महासचिव मुकुल वासनिक, रणदीप सुरजेवाला, तारिक अनवर समेत सभी पीसीसी अध्यक्ष व कांग्रेस विधायक दल के नेता मौजूद थे।

Back to top button