कांग्रेस का जयपुर में शक्ति प्रदर्शन, राहुल बोले- मैं हिन्दू हूं हिन्दुत्ववादी नहीं

महंगाई हटाओ महारैली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत अन्य दिग्गज नेता भी हुए शामिल।

जयपुर (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस ने रविवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में महंगाई हटाओ महारैली के साथ शक्ति प्रदर्शन किया। महारैली में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी समेत अन्य दिग्गज नेता भी शामिल हुए। रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि मैं हिन्दू हूं लेकिन हिन्दुत्ववादी नहीं। रैली को मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने भी संबोधित किया।

रैली में राहुल गांधी ने कहा कि यह देश हिन्दुओं का है, ना कि हिन्दुत्वादियों का। राहुल ने कहा कि यह दो अलग शब्द हैं और इनका मतलब बिल्कुल अलग है, हिंदू सत्य को ढूंढता है। पूरी जिन्दगी वो सच को ढूंढने में निकाल देता है। जबकि हिंदुत्ववादी पूरी जिंदगी सत्ता को ढूंढने और सत्ता पाने में निकाल देता है। हिंदू का रास्ता सत्याग्रह होता है और हिंदुत्ववादी का रास्ता सत्ताग्रह होता है। इसलिए मैं हिन्दू हूं लेकिन हिन्दुत्ववादी नहीं हूं। महात्मा गांधी हिन्दू थे लेकिन ‘नाथूराम गोडसे हिन्दुत्ववादी।

रैली में प्रियंका गांधी ने भी केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार जनता के लिए काम नहीं बल्कि गिने चुने उद्योगपतियों के लिए काम कर रही है। पीएम मोदी ने दुनिया घूम ली, लेकिन उन्हें दिल्ली में किसानों से बातचीत करने का समय नहीं मिला। प्रियंका ने लोगों से कहा कि चुनाव के समय जाति, धर्म, चीन-पाकिस्तान की बात करने के बजाय भाजपा की सरकार से जवाब मांगें कि आपने लोगों के लिए क्या किया है? आप आज यहां हैं, क्योंकि एक एलपीजी सिलेंडर की कीमत लगभग 1000 रुपये है, सरसों के तेल की कीमत 200 रुपये प्रति लीटर है, पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ रही हैं, और आम आदमी की परेशानियों को कोई नहीं सुन रहा है।

मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ ने कहा कि आज देश के हर कोने से कांग्रेसजन इस रैली में आये है। आपने यहाँ आकर कांग्रेस का मान-सम्मान बढ़ाया है। आपने यहाँ आकर कांग्रेस को शक्ति दी है।आप हमारे देश की संस्कृति पर विश्वास रखते हैं। कांग्रेस की जो संस्कृति हैं , वही देश की संस्कृति है। हम दिल जोड़ते हैं ,संबंध जोड़ते हैं ,रिश्ता जोड़ते हैं ,हर समाज ,हर धर्म को जोड़कर रखते हैं।

कमलनाथ ने कहा कि आज हमारी संस्कृति पर आक्रमण हो रहा है। हमें देखना पड़ेगा कि हम कौन से रास्ते पर चलना चाहते हैं। देश की संस्कृति के रास्ते पर चलना चाहते हैं या मोदी की संस्कृति के रास्ते पर? आज हमारे सामने यही सबसे बड़ी चुनौती है। यहाँ उपस्थित आप सभी ने अगर ठान लिया तो कोई नही रोक सकता है 2024 में , देश की लोकसभा में वापस कांग्रेस का झंडा लहरायेगा।

रैली को राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया। अशोक गहलोत ने रैली को राजस्थान के लिए एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की गलत नीतियों के कारण बढ़ती अप्रत्याशित महंगाई के विरोध में जयपुर में राष्ट्रीय महारैली से पूरे देश में सन्देश जाएगा।

वहीं सचिन पायलट ने कहा कि इस रैली से मोदी सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। हम इस सरकार को मजबूर करेंगे कि वह मंहगाई कम करे। पायलट ने कहा कि अगर मंहगाई कम नहीं होती तो ये जनता मोदी सरकार को भी नहीं रहने देगी। रैली में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ बिपिन रावत और अन्य सैन्य कर्मियों को श्रृद्धांजलि भी दी गई। रैली में उमड़े जनसैलाब की तस्वीरें भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं।

Exit mobile version