‘राष्ट्रीय ध्वज के रूप में तिरंगे का स्थान ले सकता है भगवा झंडा’

हिजाब और भगवा विवाद के बीच कर्नाटक के पंचायत मंत्री का विवादास्पद बयान

बेंगलुरु (जोशहोश डेस्क) कर्नाटक में हिजाब और भगवा पर चल रहे विवाद के बीच पंचायत राज मंत्री केएस ईश्वरप्पा का बयान सुर्खियों में है। ईश्वरप्पा ने कहा है कि भविष्य में भगवा झंडा राष्ट्रीय ध्वज के रूप में तिरंगे का स्थान ले सकता है। उन्होंने यह भी कहा कि आज नहीं तो कल भारत एक हिन्दू राष्ट्र बनेगा।

ईश्वरप्पा ने बुधवार को मीडिया से चर्चा में यह बात कही। उन्होंने कहा कि जिस तरह भगवान राम के रथ पर भगवा ध्वज रहता था उसी तरह भविष्य में देश का राष्ट्रीय ध्वज भी भगवा हो सकता है। यह सौ साल. दो सौ साल/ या पांच सौ साल बाद होना ही है।

उन्होंने यह भी कहा कि आज नहीं तो कल भविष्य में भारत एक हिन्दू राष्ट्र बनेगा और तब हम लाल किले पर भी भगवा लहराएंगे। हालांकि उन्होंने आगे कहा कि अभी देश का राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा है उसका जो भी अनादर करता है वो गद्दार है।

ईश्वरप्पा ने इस दौरान शिमोगा के एक शिक्षण संस्थान में तिरंगे के स्थान पर छात्रों द्वारा भगवा फहराए जाने की घटना को झूठ बताया। उन्होंने तिरंगे के स्थान पर भगवा नहीं फहराया गया। इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डीके शिवकुमार का बयान गलत है। हालांकि इस घटना के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल भी हुए थे।

गौरतलब है कि कर्नाटक के एक इंटर कॉलेज में हिजाब पहनी छात्राओं को प्रवेश करने से रोक के बाद इस मामले को लेकर बड़ा विवाद पैदा हो गया है। छात्राओं ने फैसले के खिलाफ कक्षाओं का बहिष्कार कर हाईकोर्ट में इसके खिलाफ याचिका भी दायर की है। वहीं हिजाब के विरोध में प्रदर्शन करते हुए हिंदू छात्राएं भगवा दुपट्टा पहन स्कूल पहुंचने लगी हैं। तनावपूर्ण हालात को देखते हुए राज्य में तीन दिन तक स्कूल बंद कर दिए हैं।

Exit mobile version