National

राजनीति नहीं देश की जरूरत ‘भारत जोड़ो यात्रा’, कन्याकुमारी में बोले दिग्विजय

मीडिया से चर्चा में दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा मौजूदा हालातों में राजनीति नहीं देश की जरूरत

कन्याकुमारी (जोशहोश डेस्क) कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी आज कन्याकुमारी में ‘भारत जोड़ो यात्रा’ प्रारंभ कर रहे हैं। इस दौरान वे कन्याकुमारी से कश्मीर तक करीब 3500 किलोमीटर की पदयात्रा करेंगे। इससे पहले यात्रा के समन्वयक और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा राजनीति नहीं देश की जरूरत है।

यात्रा के प्रारंभ होने से पहले मीडिया से चर्चा में दिग्विजय सिंह ने कहा कि यह यात्रा मौजूदा हालातों में राजनीति नहीं देश की जरूरत है। उन्होंने बताया कि यात्रा को लेकर पूरे देश से कार्यकर्ता बेहद उत्साह के साथ कन्याकुमारी पहुंच रहे हैं और इस यात्रा से नई कांग्रेस का भी सृजन होगा।

दिग्विजय सिंह ने कहा कि देश में एक रथयात्रा भाजपा नेता लालकृष्ण आडवानी ने निकाली थी। इस यात्रा ने पूरे समाज को विभाजित कर दिया था। उनका रथ जहां भी गया वहां दंगे हुए लेकिन यह यात्रा सबको जोड़ने की यात्रा है। यही कांग्रेस और भाजपा में अंतर भी है।

कांग्रेस से अलग हुए नेताओं खासकर गुलाम नबी आजाद पर हमला बोलते हुए दिग्विजय सिंह ने कहा कि जो लोग जब तक पद पर थे, मंत्री थे तब तक उन्होंने कभी कोई पत्र नहीं लिखा और राहुल गांधी को समर्थन दिया था लेकिन पद जाते ही उन्हें अब दिक्कत हो रही है।

गौरतलब है कि दिग्जिवय सिंह इस यात्रा के समन्वयक हैं। उन्होंने बताया कि यात्रा के लिए लोग अपने खर्च से कन्याकुमारी तक पहुंच रहे हैं और कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर है। साथ ही उन्होंने कन्याकुमारी के स्थानीय सांसद की भी आयोजन के लिए कार्यकर्ताओं के लिए किए इंतजाम की सराहना की।

Back to top button