National

जानिए क्यों दिव्य भास्कर ने छापा गुजरात BJP अध्यक्ष का मोबाइल नंबर, हो रही तारीफ

दैनिक भास्कर के गुजराती संस्करण दिव्य भास्कर ने रविवार को गुजरात के भाजपा अध्यक्ष का नंबर पहले पृष्ठ की हेडिंग में छापा।

अहमदाबाद (जोशहोश डेस्क) दैनिक भास्कर के गुजराती संस्करण दिव्य भास्कर ने रविवार को गुजरात के भाजपा अध्यक्ष का नंबर पहले पृष्ठ की हेडिंग में छापा। भाजपा अध्यक्ष का नंबर छापने के पीछे कारण भी दिलचस्प रहा। दिव्य भास्कर के इस प्रयोग की सोशल मीडिया पर जमकर तारीफ हो रही है।

दरअसल गुजरात में भी कोरोना की लगातार गंभीर हो रही स्थिति के बीच रेडमेसिविर इंजेक्शन की मारा मारी है। इंजेक्शन के लिए मेडिकल स्टोर्स पर लंबी लंबी लाइनें लग रही हैं। सरकार भी रेडमेसिविर इंजेक्शन की कमी को स्वीकार कर रही है। वहीं गुजरात के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने शनिवार को करीब पांच हजार रेडमेसिविर इंजेक्शन फ्री में बांटे।

सूरत भाजपा कार्यालय में बकायदा इसके लिए आयोजन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल ने स्वयं सोशल मीडिया पर आयोजन की तस्वीरें तक शेयर की हैं।

इसके बाद जब यह सवाल उठा कि बाजार में रेडमेसिविर की कमी है तो प्रदेश अध्यक्ष के पास इतनी बड़ी संख्या में इंजेक्शन कैसे पहुंचे? इसे लेकर मुख्यमंत्री विजय रुपानी से सवाल किया तो वे बार-बार यही कहते रहे कि इसका जवाब प्रदेश अध्यक्ष सीआर पाटिल से पूछिए।

इसके बाद भास्कर ने पूरी खबर के साथ सीआर पाटिल का मोबाइल नंबर ही हेडिंग में छाप दिया। भास्कर की इस साहसी पत्रकारिता की सोशल मीडिया में भी जमकर तारीफ हो रही है।

गौरतलब है कि गुजरात में कोरोना की स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। गुजरात में कोरोना के एक्टिव केसों की संख्या 3 लाख का आंकड़ा पार कर गई है। राज्य में कोरोना संक्रमण से मरने वालों की संख्या 4500 से अधिक है। सरकार ने कुछ शहरों में नाइट कर्फ्यू का भी ऐलान किया है लेकिन हालात नियंत्रित होते दिखाई नहीं दे रहे हैं। रविवार से विश्वप्रसिद्ध सोमनाथ मंदिर भी अगले आदेश तक के लिए बंद कर दिया गया है।

Back to top button