Politics

नारायण त्रिपाठी का BJP से इस्तीफा, कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें !

भाजपा के लिए विंध्य क्षेत्र में बड़ा झटका, 14 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के सामने ले सकते हैं कांग्रेस की सदस्यता

भोपाल (जोशहोश डेस्क) विधानसभा चुनाव का काउंट डाउन शुरु होते ही सत्ताधारी भाजपा को लगातार झटके लग रहे हैं। अब मैहर विधायक नारायण त्रिपाठी ने भारतीय जनता पार्टी की प्राथमिक सदस्यता के साथ विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। नारायण त्रिपाठी के इस्तीफे को भाजपा के लिए विंध्य क्षेत्र में बड़ा झटका माना जा रहा है।

नारायण त्रिपाठी ने अपना त्यागपत्र भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और विधानसभा अध्यक्ष गिरीश गौतम को को भेजा दिया है। सियासी गलियारों में अब नारायण त्रिपाठी के कांग्रेस में शामिल होने की अटकलें तेज हो गई हैं। कहा यह भी जा रहा है कि नारायण त्रिपाठी पिछले दिनों प्रियंका गांधी से दिल्ली में मुलाकात कर चुके हैं और 14 अक्टूबर को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ के सामने कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं।

मैहर से चौथी बार के विधायक नारायण त्रिपाठी जिन्होंने पिछले दो चुनाव 2016 उपचुनाव और 2018 चुनाव बीजेपी उम्मीदवार के रूप में जीते हैं। त्रिपाठी ने 2013 का विधानसभा चुनाव मैहर सीट से कांग्रेस उम्मीदवार के रूप में जीता था। अब घर वापसी के बाद वे इस विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के टिकट से लड़ सकते हैं।

विधायक नारायण त्रिपाठी पृथक विंध्य राज्य के गठन की मांग को लेकर लम्बे समय से आंदोलन कर रहे हैं और बीते दिनों अलग पार्टी बनाकर चुनाव लड़ने का ऐलान भी कर चुके हैं। विंध्य विकास पार्टी बनाकर वे विंध्य की 30 सीटों पर चुनाव में अपने प्रत्याशी उतारने की घोषणा भी कर चुके हैं। भाजपा ने नारायण त्रिपाठी की सीट मैहर पर भाजपा ने श्रीकांत चतुर्वेदी को प्रत्याशी घोषित किया है। श्रीकांत चतुर्वेदी को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य का समर्थक माना जाता है। श्रीकांत चतुर्वेदी को टिकट दिए जाने के बाद ही नारायण त्रिपाठी द्वारा बड़ा कदम उठाने की बात कही जा रही थी।

Back to top button