National

उन्नाव रेप कांड के दोषी BJP के पूर्व MLA कुलदीप सेंगर को मिली जमानत

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) उत्तरप्रदेश के बहुचर्चित उन्नाव रेप कांड मामले में दोषी बीजेपी से निष्कासित और पूर्व विधायक कुलदीप सिंह सेंगर को जमानत मिल गई है। सोमवार को दिल्ली हाई कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर की जमानत याचिका पर सुनवाई के बाद उसे जमानत दे दी गई। कोर्ट ने कुलदीप सिंह सेंगर को 27 जनवरी से 10 फरवरी तक के लिए अंतरिम जमानत दी है।

कुलदीप सिंह सेंगर सेंगर ने अपनी बेटी की शादी में शामिल होने के लिए दो महीने की अंतरिम जमानत की मांग की थी। कुलदीप सेंगर के वकील के मुताबिक़ शादी की रस्में 18 जनवरी से शुरू होंगी। शादी आठ फरवरी को है। इसके बाद कुलदीप सिंह सेंगर को 27 जनवरी से 10 फरवरी तक अंतरिम जमानत दी गई है।

कुलदीप सिंह सेंगर ये जुड़ा ये मामला साल 2017 का है। उन्हें उन्नाव में महिला से बलात्कार के केस में दोषी ठहराया गया था और उम्र कैद की सजा सुनाई गई थी। इसके बाद उन्नाव रेप पीड़िता के रायबरेली जाने के दौरान 2019 में एक ट्रक ने उसकी कार को टक्कर मार दी थी। जिसके बाद 1 अगस्त, 2019 को सुप्रीम कोर्ट ने यूपी की एक निचली अदालत से मामले को दिल्ली स्थानांतरित कर दिया था।

कुलदीप सिंह सेंगर इस समय दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद हैं और उम्रकैद की सजा के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट में अपील कर रखी है। कुलदीप सेंगर 4 बार से लगातार विधायक रहे हैं। सेंगर ने 2002 में पहली बार बसपा के टिकट पर जीत दर्ज़ की थी। इसके बाद सेंगर ने 2007 में सपा से बांगरमऊ और 2012 में भगवंतनगर से चुनाव जीता था। 2017 में उसने भाजपा से बांगरमऊ सीट से चुनाव जीता था।

Back to top button