MP

मध्यप्रदेश सरकार ने टीकाकरण अभियान को बनाया पब्लिसिटी स्टंट-कमलनाथ

प्रदेश में वैक्सीन की किल्लत पर कमलनाथ ने शिवराज सरकार को घेरा।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश की शिवराज सरकार टीकाकरण अभियान को लेकर सवालों के घेरे में हैं। रिकाॅर्ड वैक्सीनेशन के लिए टीकाकारण की रफ़्तार कम किये जाने और एक ही आधार नंबर पर कई नाम दर्ज होने जैसे मामले पहले ही सामने आ चुके हैं। अब बीते पांच दिनों से वैक्सीन की कमी पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ (kamalnath) ने सरकार को घेरते हुए सरकार के टीकाकरण अभियान को पब्लिसिटी स्टंट बताया है।

कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि मध्य प्रदेश सरकार ने टीकाकरण अभियान को पूरी तरह से पब्लिसिटी स्टंट बना लिया है। पिछले 5 दिन से पूरे प्रदेश में लोग वैक्सीन लगवाने को परेशान हैं। एक दिन अभियान को बड़ा दिखाने के लिए, कई-कई दिन तक टीकाकरण रोकना समझ से परे है। जनता के स्वास्थ्य से खिलवाड़ मत करिए।

गौरतलब है कि प्रदेश में वैक्सीन की किल्लत के बाद अब एक जुलाई से फिर वैक्सीनेशन का महाअभियान शुरू होना है। इससे पहले 21 जून को महाअभियान के पहले दिन सरकार ने रिकाॅर्ड 16 लाख से ज्यादा वैक्सीनेशन का दावा किया था। यह उस दिन देश में सबसे ज्यादा था। हालांकि इससे पहले चार दिन वैक्सीनेशन की गति धीमी करने का भी सरकार पर आरोप लगा था।

यह भी पढ़ें- मध्यप्रदेश के 16 लाख वैक्सीन के ‘रिकॉर्ड’ की ये है सच्चाई?

इसके बाद यह खुलासा हुआ था सरकार के रिकाॅर्ड वैक्सीनेशन में 555 आधार नंबरों पर दो दो लोगों को वैक्सीन लगा दी गई थी। वहीं 90 आधार कार्ड पर तीन-तीन लोगों को वैक्सीन लगाया जाना दर्शाया गया है। हद तो तब हो गई थी जब एक ही आधार नंबर पर 16 लोगों का वैक्सीनेशन बताया गया।

अब बीते पांच दिनों से पूरे प्रदेश में वैक्सीन की किल्लत के मामले सामने आ रहे हैं, जिससे सरकार के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। यह कहा जा रहा है कि सरकार एक दिन में रिकाॅर्ड संख्या दर्ज कराने के लिए अन्य दिनों में वैक्सीनेशन की गति कम कर रही है। हालांकि सरकार इसे गलत बता रही है।

Back to top button