National

गुजरात CM विजय रुपाणी का इस्तीफा, मास्टरस्ट्रोक या नाकामियों पर पर्दा ?

उत्तराखंड और कर्नाटक के बाद गुजरात तीसरा राज्य है जहां भारतीय जनता पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री को बदला है।

गांधीनगर (जोशहोश डेस्क) गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने शनिवार को राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपा। उत्तराखंड और कर्नाटक के बाद गुजरात तीसरा राज्य है जहां भारतीय जनता पार्टी ने अपने मुख्यमंत्री को बदला है।

विजय रुपाणी के इस्तीफे के बाद उप मुख्यमंत्री नितिन पटेल गुजरात के नए सीएम बनाये जा सकते हैं। बीते विधानसभा चुनाव में भी पटेल समुदाय से मुख्यमंत्री बनाये उठी थी अगर पार्टी ऐसा करती है तो राज्य में किसी पटेल को सीएम बनाने की मांग भी पूरी हो सकती है।

सवाल उठ रहा है कि विधानसभा चुनाव से ठीक पहले अचानक मुख्यमंत्री विजय रूपाणी को बदलना भाजपा का मास्टरस्ट्रोक कहा जाए या भाजपा ने यह मान लिया है कि विजय रूपाणी का नेतृत्व राज्य में उसकी संभावनाओं पर विपरीत असर डाल सकता है?

दूसरी ओर गुजरात कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष हार्दिक पटेल ने विजय रूपाणी के इस्तीफे को सरकार की नाकामियों पर पर्दा डालने का प्रयास बताया है। हार्दिक पटेल ने कहा कि विजय रूपाणी का इस्तीफा यह साबित करता है कि सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है।

इधर विजय रुपाणी ने इस्तीफ़ा देने के बाद गुजरात की जनता और पार्टी नेतृत्व का आभार जताया है। उन्होंने कहा कि मेरे इस्तीफे से किसी नए नेता को इस जिम्मेदारी को संभालने का मौका मिलेगा। मुझे 5 साल के लिए जिम्मेदारी दी गई थी और यह भी मेरे जैसे कार्यकर्ता के लिए काफी है। पार्टी अलग-अलग वक्त में जिम्मेदारियां बदलती रहती है और पार्टी मुझे जो भी जिमेदारी देगी मैं उसे निभाने को तैयार हूँ।

Back to top button