MP

रीवा-मुरैना में कांग्रेस की जीत, पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला का वार्ड भी हारी BJP

रीवा में कांग्रेस प्रत्याशी अभय मिश्रा ने बीजेपी उम्मीदवार प्रबोध व्यास को करीब 12 हज़ार मतों से हराया, मुरैना में शारदा सोलंकी की जीत

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश के 5 नगर निगमों के साथ 40 नगरपालिकाओं और 169 नगर परिषदों की मतगणना में मिले जुले नतीजे सामने आ रहे हैं। कांग्रेस ने रीवा और मुरैना नगर निगम में बड़ी जीत दर्ज़ की है। रीवा में पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला के वार्ड में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है।

रीवा नगर निगम में कांग्रेस प्रत्याशी अभय मिश्रा ने बीजेपी उम्मीदवार प्रबोध व्यास को करीब 12 हज़ार मतों से हरा दिया। प्रबोध व्यास के लिए पूर्व मंत्री राजेंद्र शुक्ला जी जान से जुटे थे। वहीं राजेंद्र शुक्ला के वार्ड में भी भाजपा को हार का सामना करना पड़ा है। उनके वार्ड 23 से कांग्रेस पार्षद प्रत्याशी रफीकुम शहनाज अंसारी को जीत हासिल हुई है।

रीवा पर जीत दर्ज कर चुकी कांग्रेस ने मुरैना नगर निगम में भी जीत हासिल कर ली है। मुरैना में कांग्रेस प्रत्याशी शारदा सोलंकी की बीजेपी प्रत्याशी मीना-मुकेश जाटव को हरा दिया है। इस सीट पर सीएम शिवराज के अलावा केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर सक्रिय थे और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने भी प्रचार में उतरे थे।

वहीं देवास नगर निगम में भाजपा ने जीत की ओर कदम बढा दिए हैं। भाजपा प्रत्याशी गीता अग्रवाल करीब 35 हजार मतों से लीड ले चुकी हैं। रतलाम में भाजपा ने जीत दर्ज़ कर ली है। यहाँ कांग्रेस के मयंक जाट को भाजपा के प्रह्लाद पटेल ने करीब 8 हज़ार मतों से हरा दिया। कटनी नगर निगम में भाजपा से बागी होकर निर्दलीय चुनाव लड़ रहीं प्रीती सूरी आगे हैं।

इधर दंगों के कारण चर्चित हुए खरगोन में असदउद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM का असर दिख रहा है। ओवैसी की पार्टी AIMIM ने खरगोन के तीन वार्ड में जीत दर्ज़ की है। इससे पहले खरगोन से सटे हुए बुरहानपुर नगर निगम में न सिर्फ ओवैसी की पार्टी ने एक वार्ड में जीत हासिल की थी बल्कि उसके मेयर उम्मीदवार ने करीब 10 हज़ार वोट भी हासिल किये थे। इन 10 हज़ार वोट को कांग्रेस की हार का कारण बताया जा रहा है।

Back to top button