बेहूदगी: डियर आज तक, क्या पंजाबी भाषा असंवैधानिक हो गई?
पीएम मोदी की सुरक्षा पर विवाद को लेकर न्यूज चैनलों के कवरेज भी सवालों के घेरे में।
Ashok Chaturvedi
नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा को लेकर चल रहे विवाद पर न्यूज चैनलों के कवरेज भी सवालों के घेरे में हैं। भड़काऊ सुर्ख़ियों के साथ एकतरफा कवरेज के चलते न्यूज़ चैनलों पर सवाल उठ रहे हैं। इस सिलसिले में पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के पंजाबी भाषा में कहे गए शब्दों को विवादित बयान बताने पर न्यूज चैनल आज तक की जमकर आलोचना हो रही है।
आज तक चैनल ने पंजाब के सीएम चन्नी पर प्रधानमंत्री के लिए तू-तड़ाक जैसे शब्दों का इस्तेमाल करने की बात कही और इस बयान को संवैधानिक मर्यादा पार करने वाला बताया जबकि चन्नी अपने बयान में पंजाबी के प्रचलित शब्द ‘तुस्सी’ और ‘तुहाडे’ जैसे शब्दों का ही प्रयोग कर रहे थे जो ठेठ पंजाबी शब्द हैं और अमर्यादित नहीं कहे जा सकते।
सोशल मीडिया में आज तक की इस रिपोर्टिंग पर जमकर क्लास लग रही है। बॉलीवुड एक्टेस स्वरा भास्कर ने सवाल उठाया कि क्या पंजाबी भाषा अंसवैधानिक हो गई है?
Dear @aajtak .. क्या पंजाबी भाषा असंवैधानिक हो गयी?!?! चाटुकारिता के चक्कर में बेहूदगी के ऐसे स्तर पे भी मत गिरो! https://t.co/Mi8EysZKRX
वहीं पत्रकार अभिसार शर्मा ने लिखा- आज तक ने तमाम हदों को पार कर दिया। उन्होंने चैनल को मर्यादा रखने की नसीहत भी दी।
तमाम हदों को पार कर दिया है आजतक ने। अब "तुस्सी, तुहाडे" भाषाई मर्यादाओं को पार करना हो गया? अब पंजाब भाषा के खिलाफ मोर्चा खोल दिया? "तुस्सी" थोड़ी सी मर्यादा रखो जी। https://t.co/g3nfyvSN8r
न्यूज चैनल टीवी-9 भारतवर्ष ने भी चन्नी के बयान को विवादित बताया जिसे भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने भी ट्वीट किया इस पर कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने सवाल उठाया- भाजपा को पंजाब से नफरत क्यों है? वहाँ के लोगों से, उनके जज़्बे से, उनके खान पान से और अब उनकी बोली से भी बैर?
इस पूरी भाजपा को पंजाब से ऐसी नफ़रत क्यों है भाई? वहाँ के लोगों से, उनके जज़्बे से, उनके खान पान से और अब उनकी बोली से भी बैर?
इससे पहले वरिष्ठ पत्रकार राहुल देव ने इस घटना को लेकर न्यूज चैनलों की सुर्खियों पर भी सवाल उठाया-
चैनल मित्रो, ये सुर्ख़ियाँ भड़काऊ हैं। क्या यह पुष्ट कर दिया गया है कि यह असावधानी नहीं षड्यंत्र था? इसके पीछे राजनीति थी? हमारा काम तथ्यों-संभावनाओं को सामने लाना है या जाँचकर्ता और न्यायाधीश बन कर मिनटों-घंटों में फ़ैसला सुना देना? pic.twitter.com/g70g4UFRp1
गौरतलब है कि बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पंजाब दौरे पर थे। इस दौरान बठिंडा एयरपोर्ट से हुसैनीवाला शहीद स्मारक जा रहा पीएम मोदी का काफिला किसानों के विरोध प्रदर्शन के चलते एक फ्लाइओवर पर 20 मिनट तक फंसा रहा था। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इसे पीएम की सुरक्षा में चूक बताते हुए पंजाब सरकार से रिपोर्ट तलब की थी। घटना के बाद से सियासी आरोपों का दौर जारी है।