MP

सिवनी लिंचिंग: मृतकों के परिजनों से मिले कमलनाथ, 3-3 लाख की मदद का ऐलान

सिवनी लिंचिंग में मारे गए आदिवासियों के परिजनों से मिले कमलनाथ, हिंसा के लिए सीएम शिवराज को बताया जिम्मेदार।

सिवनी (जोशहोश डेस्क) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने सिवनी में मॉब लिंचिंग में मारे गए आदिवासियों के परिजनों से सोमवार को मुलाकात की। इस दौरान कमलनाथ ने मृतकों के परिवारों को 3-3 लाख रुपए की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया। कमलनाथ ने प्रदेश में आदिवासियों के साथ लगातार हिंसा के लिए मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को जिम्मेदार ठहराया।

कमलनाथ ने मृतकों के परिजनों से मुलाकात कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और पीड़ित परिवारों को सांत्वना दी। कमलनाथ ने मृतक संपत बट्टी की छोटी बेटी की पढ़ाई की जिम्मेदारी भी उठाने की बात भी कही। कमलनाथ ने पीड़ित आदिवासी परिवारों को न्याय दिलवाने हेतु आश्वस्त भी किया।

मुलाकात के बाद कमलनाथ ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि प्रश्न केवल एक घटना का नहीं है इस तरह की घटनाएं पूरे प्रदेश में हो रही हैं। यही कारण है कि मध्यप्रदेश आदिवासियों पर अत्याचार में नंबर वन है। कमलनाथ ने दो टूक कहा कि किसी की हिम्मत न हो अगर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान अपराधियों का का नेतृत्व न करें।

कमलनाथ ने इस दौरान पूरे प्रदेश में आदिवासी बचाओ, भाजपा हटाओ आंदोलन चलाए जाने की भी बात कही। कमलनाथ के साथ पूर्व वित्त मंत्री तरुण भनोत, विधायक अर्जुन सिंह काकोड़िया और योगेंद्र बाबा, सिवनी शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राजकुमार खुराना और युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष विक्रांत भूरिया समेत अन्य कांग्रेस नेता भी मृतकों के परिजनों से मिले।

गौरतलब है कि सिवनी जिले के सिमरिया गांव में 2 मई की रात को दो आदिवासी युवकों की पीट-पीट कर हत्या कर दी गई थी। गौवंश की तस्करी के संदेह पर बड़ी संख्या में हिंदूवादी संगठनों के कार्यकर्ताओं ने बबर्रतापूर्वक आदिवासी युवकों की पिटाई की थी। पिटाई के बाद दो युवकों ने दम तोड़ दिया था। घटना को लेकर आदिवासियों में आक्रोश बना हुआ है है। आरोपियों में से 3 के बजरंग दल एवं 6 श्री राम सेना के सदस्य होने की पुष्टि पुलिस कर चुकी है।

Back to top button