MP

कमलनाथ का नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा, गोविंद सिंह को जिम्मेदारी

कमलनाथ ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा था जिसे स्वीकार कर लिया गया।

भोपाल (जोशहोश डेस्क) प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने नेता प्रतिपक्ष से इस्तीफा दे दिया। कमलनाथ ने कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपना इस्तीफा भेजा था जिसे गुरुवार को स्वीकार कर लिया गया। यह पहले ही माना जा रहा था कि कमलनाथ नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफा दे सकते हैं।

कमलनाथ के इस्तीफे के बाद लहार से कांग्रेस के सीनियर विधायक गोविंद सिंह को नया नेता प्रतिपक्ष चुना गया है। कमलनाथ ने ही गोविंद सिंह के नाम का प्रस्ताव रखा था जिस पर सोनिया गांधी ने मुहर लगा दी है। गोविंद सिंह ने आज कमलनाथ ने सुबह मुलाकात भी की है।

बताया जा रहा है कि कमलनाथ ने करीब तीन महीने पहले ही नेता प्रतिपक्ष पद से इस्तीफे की पेशकश सोनिया गांधी के समक्ष की थी। कमलनाथ ने इसके पीछे प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष रहते हुए पार्टी संगठन और आगामी विधानसभा चुनाव को प्राथमिकता देने को कारण बताया था।

कमलनाथ के इस्तीफे बाद प्रदेश में कांग्रेस की चुनावी तैयारियों को और भी गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कहा जा रहा है कि चुनावी तैयारियों पर ध्यान केंद्रित करने के लिए ही कमलनाथ ने नेता प्रतिपक्ष से इस्तीफा देने का प्रस्ताव पार्टी आलाकमान को दिया था। जिसे पार्टी आलाकमान ने गुरुवार को स्वीकार कर लिया।

नए नेता प्रतिपक्ष की जिम्मेदारी लहार विधायक डॉ. गोविंद सिंह को सौंपी गई है। 71 वर्षीय गोविंद सिंह चंबल अंचल के कद्दावर नेताओं में शुमार होते हैं। अभी वे प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष हैं। गोविंद सिंह लगातार सातवीं बार विधानसभा पहुंचने वाले मध्यप्रदेश कांग्रेस के एकमात्र विधायक हैं। प्रदेश की राजनीति में उन्हें राज्यसभा सांसद दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता है।

Back to top button