MP

ताई ने बुक्सलवर्स के लिए खोला घर, पठन-पाठन का दिया आमंत्रण

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की अनूठी पहल,अपने घर की लाइब्रेरी को आम जन के लिए खोला।

इंदौर (जोशहोश डेस्क) पूर्व लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन की पठन पाठन में रुचि किसी से छिपी नहीं है। उनके निवास पर विभिन्न विषयों की बेशुमार किताबें मौजूद हैं। अब ताई के निवास में मौजूद इन किताबों को आप भी अपने घर ले जाकर पढ़ सकते हैं। वो भी बिना किसी शुल्क दिए हुए।

दरअसल ताई ने अनूठी पहल करते हुए अपने घर की लाइब्रेरी को आम जन के लिए खोल दिया है। अब कोई भी व्यक्ति ताई के घर जाकर इन पुस्तकों का अध्ययन कर सकता है और उन्हें बिना किसी शुल्क के घर ले जाकर भी पढ सकता है। ताई ने अपनी लाइब्रेरी का समय शाम चार से छह बजे तक रखा है।

वरिष्ठ पत्रकार अभिलाष खांडेकर ने ताई की इस पहल पर लिखा कि कितने भारतीय राजनेता ऐसे सुलझे विचार रखते हैं. क्या बात है-

ताई ने अपनी लाइब्रेरी को आमजन के लिए खोलने के संबंध में लिखा है कि जैसा आप जानते हैं मुझे किताबें पढ़ने में बहुत रुचि रही है। इसके चलते गत चासीस वर्षों में किताबों का संग्रह काफी बड़ा और विविध हो गया है। इनमें मराठी हिंदी अंग्रेजी तथा धार्मिक, साहित्यक और राजनीतिक विषयों पर किताबों की एक छोटी लाइब्रेरी बन गई है।

ताई ने आगे लिखा कि मैंने सोचा है कि यह लाइब्रेरी अब सबके लिए खोल दी जाए क्योंकि ज्ञान तो बांटने से बढ़ता है। इसलिए मैं अपने निज निवास पर इस लाइब्रेरी को प्रारंभ कर रही हूं। शाम चार बजे से छह बजे के बीच इन पुस्तकों को आप रजिस्टर में नोट कर घर ले जा सकते हैं और पढ़कर कर वापस लाइब्रेरी में वापस करें।

गौरतलब है कि सुमित्रा महाजन इंदौर की महारानी अहिल्या बाई होल्कर के जीवन एवं समयकाल पर ‘मातोश्री’ नामक पुस्तक भी लिख चुकी हैं। इसका लोकार्पण प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था।

Back to top button