राहुल गांधी की दो टूक- सेना पर पूरा भरोसा, सबूत की जरूरत ही नहीं

राहुल गांधी ने मंगलवार को जम्मू में मीडिया से की बात

जम्मू (जोशहोश डेस्क) भारत जोड़ो यात्रा पर निकले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने दो टूक कहा है कि भारतीय सेना अपना कार्य बखूबी कर रही है और हमें हमारी सेना पर पूरा भरोसा है सेना कुछ भी करती है तो उसे सबूत देने की कोई आवश्यकता नहीं है।

राहुल गांधी ने यह बात मंगलवार को जम्मू में मीडिया से बात करते हुए कही। राहुल गांधी ने कहा कि दिग्विजय सिंह का बयान उनका अपना निजी बयान है और पार्टी इस पर पहले ही अपना पक्ष रख चुकी है।

आर्टिकल 370 को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि इस मुद्दे पर हमारा स्टैंड बिल्कुल क्लियर है। जम्मू-कश्मीर को जल्द से जल्द राज्य का दर्जा मिलना चाहिए और यहां जल्द से जल्द विधानसभा की फिर से शुरूआत होनी चाहिए। राहुल गांधी ने कहा कि मैंने जम्मू के लोगों का दर्द समझा है।

एक सवाल के जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि जम्मू कश्मीर में विकास कार्य और युवाओं को रोजगार देने का काम मनमोहन सिंह ने किया था जिसे कश्मीर के लोग भी लगातार मानते हैं। कांग्रेस हर मंच पर कश्मीरी पंडितों और कश्मीर घाटी के लोगों के साथ खड़ी रहेगी।

राजनाथ सिंह के बयान पर राहुल गांधी ने कहा कि राजनाथ सिंह वही बोलते हैं जो उन्हें ऊपर से कहा जाता है। वो खुद की बात नहीं रख सकते हैं। आज देश में लोगों को धर्म-जाति के आधार पर बांटा जा रहा है। मुझे ये दिख रहा है राजनाथ सिंह की पार्टी देश में नफरत फैला रही है और इससे देश को नुकसान हो रहा है। पदयात्रा को लेकर राहुल गांधी ने कहा कि जो भारत जोड़ो यात्रा पूरे देश को एक कर रही है, वो देश के हितों को कैसे नुकसान पहुंचा रही है?

राहुल गांधी ने यह भी कहा कि गुलाम नबी आजाद की पार्टी के 90 प्रतिशत लोग भारत जोड़ो यात्रा में शामिल हुए हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि यात्रा किसी भी व्यक्ति के लिए भी विद्वेष नहीं रखती है। राहुल गांधी ने यह भी कहा कि इस यात्रा का लक्ष्य देश को जोड़ने का है, नफरत को कम करना है। यात्रा का मकसद बीजेपी की नफरत के खिलाफ खड़े होने का है।

Exit mobile version