कृषि कानूनों का विरोध, ट्रैक्टर चलाकर संसद पहुंचे राहुल गांधी

कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को ट्रैक्टर पर सवाल होकर संसद पहुंचे।

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के विरोध में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को ट्रैक्टर पर सवार होकर संसद पहुंचे। वहीं जंतर-मंतर पर किसान संसद में भाग लेने जा रहीं कांग्रेस की नेत्री अलका लांबा को पुलिस ने घर में नजरबंद कर लिया।

लगातार आठ महीने से जारी किसान आंदोलन फिर तेज हो रहा है। मानूसन सत्र के दौरान दिल्ली के ही जंतर-मंतर पर किसान शांतिपूर्वक प्रदर्शन कर रहे हैं। कृषि कानूनों के विरोध और किसान आंदोलन के समर्थन में कांग्रेस नेता राहुल गांधी सोमवार को ट्रैक्टर पर सवाल होकर संसद पहुंचे। यहाँ उन्होंने कहा कि मोदी सरकार को कृषि क़ानून वापस लेने ही होंगे, इन कानूनों से किसानों को फ़ायदा नही है।

दूसरी ओर तीन कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग को लेकर अकाली दल के सांसदों ने आज संसद परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल ने कहा कि सरकार मांग मानने के बजाय अन्नदाताओं को गालियां दे रही है।

दूसरी ओर कांग्रेस नेत्री अलका लांबा को पुलिस ने सोमवार को नजरबंद कर लिया।अलका लांबा जंतर-मंतर पर आयोजित किसान संसद में भाग लेने जाने वाली थीं। अलका लांबा ने ट्वीट कर बताया कि दिल्ली पुलिस ने मुझे मेरे ही घर में ही बंदी बना लिया है, क्या यह लोकतंत की हत्या नहीं है?

गौरतलब है कि केंद्र के तीन विवादास्पद कृषि कानूनों का विरोध करने के लिए किसानों का एक समूह दिल्ली के जंतर-मंतर पर पहुंचा है। यहाँ किसान सांकेतिक संसद का संचालन कर रहे हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल अनिल बैजल ने 9 अगस्त तक जंतर-मंतर पर अधिकतम 200 किसानों को प्रदर्शन की विशेष अनुमति दी है।

Exit mobile version