‘भारत में भुखमरी नहीं बढ़ रही बल्कि दूसरे देशों में लोगों को भूख ही नहीं लग रही’

राहुल गांधी ने सरकार पर असलियत से गुमराह कर देश को कमजोर करने का लगाया आरोप

नई दिल्ली (जोशहोश डेस्क) ग्लोबल हंगर इंडेक्स की रिपोर्ट के साथ डाॅलर के मुकाबले कमजोर होते रुपए पर बचकाने तर्कों को लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने सरकार पर बड़ा कटाक्ष किया है। राहुल गांधी ने सरकार पर असलियत से गुमराह कर देश को कमजोर करने का आरोप लगाया है।

राहुल गांधी ने रविवार को ट्वीट किया कि- भूख और कुपोषण में भारत 121 देशों में 107वें स्थान पर! अब प्रधानमंत्री और उनके मंत्री कहेंगे, ‘भारत में भुखमरी नहीं बढ़ रही है बल्कि दूसरे देशों में लोगों को भूख ही नहीं लग रही है।’ RSS-BJP कब तक असलियत से जनता को गुमराह कर, भारत को कमज़ोर करने का काम करेगी?

राहुल गांधी के ट्वीट की भाषा को वित्तमंत्री निर्मला सीतारमन के अमेरिका में दिए उस बयान से जोड़कर देखा जा रहा है, जिसमें उन्होंने यह कहा है कि भारत का रुपया कमजोर नहीं हो रहा बल्कि इसके डाॅलर को मजबूत होने के रूप में देखा जाना चाहिए। वित्तमंत्री के इस बयान पर सोशल मीडिया में तीखी प्रतिक्रियाएं भी आ रही हैं-

गौरतलब है की ग्लोबल हंगर इंडेक्स में भारत पिछले साल की तुलना में छह स्थान और नीचे चला गया है। वैश्विक भूख सूचकांक 2022 (Global Hunger Index) के मुताबिक, भारत छह पायदान नीचे खिसक कर अब 121 देशों में 107वें स्थान पर पहुंच गया है। दक्षिण एशियाई देशों में भारत की स्थिति युद्धग्रस्त अफगानिस्तान से कुछ बेहतर है। अफगानिस्तान इस सूची में 109वें स्थान पर है।

ग्लोबल हंगर इंडेक्स के प्रकाशकों ने 29.1 स्कोर के साथ भारत में ‘भूख’ की स्थिति को गंभीर बताया है। हालांकि, भारत सरकार ने वैश्विक भूख सूचकांक 2022 को खारिज किया है। भारत ने इस रिपोर्ट को लेकर कहा है कि यह देश की छवि खराब करने का प्रयास है।

Exit mobile version